बिहार की राजधानी पटना में सवर्णों पर लाठीचार्ज को लेकर आज गया में बीजेपी नेता सीपी ठाकुर धरना देंगे. गया के बेलागंज में सवर्णों पर पुलिसिया कार्रवाई और लाठीचार्ज के खिलाफ बीजेपी सांसद डॉ. सीपी ठाकुर ने मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने इस घटना के विरोध में महाधरना करने का फैसला किया है. इसी के तहत आज 7 अक्टूबर को वे स्थानीय गांधी मैदान में महाधरना पर बैठेंगे. पूर्व सांसद सूरजभान सिंह भी उनका साथ देंगे.
बेलागंज प्रकरण पर बीजेपी के राज्यसभा सांसद सीपी ठाकुर सरकार के खिलाफ गया के गांधी मैदान में महाधरना का आयोजन कर रहे हैं. इस आयोजन को लेकर गया जिला सहित जहानाबाद, पटना, नवादा, अरवल संपर्क किया गया है. नेशनल हाईवे 83 और गया शहर में बैनर लगाया गया है. वहीं, जिला प्रशासन भी पूरी तैयारी कर ली है. इस महाधरना को लेकर दंडाधिकारी भी नियुक्त किया गया है. महाधरना में एनडीए के दो प्रमुख सवर्ण नेता राज्यसभा सांसद सीपी ठाकुर व पूर्व सांसद सूरजभान सिंह शामिल हो रहे हैं.
महाधरना को लेकर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस ने कहा कि सीपी ठाकुर का गया में धरना करने का कोई औचित्य नहीं है. सच में अगर उन्हें धरना देना है तो पटना या मुख्यमंत्री आवास पर जाकर धरना दें. वहीं, बीजेपी इन सवालों से बचती दिख रही है.आपको बताएं कि एससी–एसटी एक्ट के विरोध में भारत बंद का आह्वान किया गया था. बंद के समर्थन में बेलागंज के बेल्हाडी मोड़ के पास नेशनल हाईवे को बंद समर्थकों ने जाम कर दिया था. दोपहर में पुलिस जाम हटाने के लिए बंद समर्थकों पर लाठीचार्ज किया था. वहीं, बेलागंज घटना के बाद सांसद सीपी ठाकुर ने कहा था कि जाति पूछकर ज्यादती हो रही हैं, हम ऐसे सरकार में क्यों रहें. सरकार को तुरंत केस वापस लेना चाहिए और दोषियों पुलिसकर्मियों को निलंबित करना चाहिए.