अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू स्टारर फिल्म बदला पहले दिन धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने अच्छी रफ्तार पकड़ ली है।बदला में दोनों की एक्टिंग तो है ही दमदार, इसके अलावा अमृता सिंह और मानव कौल भी अपनी छोटी सी भूमिका से छाप छोड़ने में कामयाब रहे। पहले हफ्ते के कलेक्शन की बात करें तो गुरुवार को फिल्म ने 3.65 करोड़ का बिजनेस किया है। इस तरह फिल्म ने 38 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं, वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इस फिल्म ने 44.84 करोड़ का बिजनेस किया है।

तरण आदर्श ने बताया कि बदला ने पहले हफ्ते की कमाई के मामले में पिंक (35.91 करोड़) और 102 नॉट आउट (27.70 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है। बता दें कि दोनों ही फिल्मों में अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे। सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी बदला स्पैनिश फिल्म कॉन्ट्राटिएम्पो से प्रेरित है। करीब 30 करोड़ के बजट में बनी बदला को 2,200 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है।

अब दूसरी फिल्म की बात करते हैं कार्तिक आर्यन और कृति सेनन की मुख्य भूमिका से सजी लुका छुपी की। 1 मार्च को रिलीज हुई लुका छुपी अपने दूसरे हफ्ते में कमाई का सिलसिला जारी रखे हुए है। माना जा रहा है जल्द ही ये फिल्म 100 करोड़ के आंकड़े को छू सकती है। पहले हफ्ते में जहां लुका छुपी ने कुल 53.70 करोड़ का बिजनेस किया था तो वहीं दूसरे हफ्ते में ये 21.54 करोड़ जुटाने में कामयाब रही।

फिल्म ने 14 दिन में कुल 75.24 करोड़ जुटा लिए हैं। फिल्म को कुल 2000 स्क्रीन पर रिलीज किए गया था। लिव इन रिलेशनशिप पर आधारित ये फिल्म रोमांटिक कॉमेडी है। कार्तिक-कृति के अलावा फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और विनय पाठक की मुख्य भूमिका है।
