होली में बावर्दी ड्यूटी में तैनात रहेंगे सभी पुलिसकर्मी, छुट्टियाँ रद्द : आईजी

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : रंगों के त्योहार होली पर्व की सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद हो गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान ने इस बाबत निर्देश जारी करते हुये कहा है कि होली पर्व में सभी पुलिसकर्मी मुस्तैदी से ड्यूटी में रहेंगे।

जोनल आईजी श्री खान ने कहा कि रंग खेलने की तिथियों के दौरान अपनी ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवान और अधिकारी अपने पूरी पुलिसिया लिबास में बावर्दी दुरुस्त रहेंगे। होली के दिन सभी पुलिसकर्मियों के अवकाश रद्द रहेगा। यहां तक कि खुद आईजी, डीआईजी ओर एसएसपी समेत सभी अधिकारी भी वर्दी में मुस्तैदी के साथ ड्यूटी में तैनात रहेंगे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से अराजक तत्व नियंत्रण में रहेंगे जिससे शहरवासी भयमुक्त वातावरण में होली त्योहार का आनंद ले सकेंगे। ड्यूटी से अनुपस्थित मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विदित हो कि डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय के निर्देशानुसार एडीजी ने सभी आईजी जोन, डीआईजी रेंज और जिलों के पुलिस कप्तानों को इस बाबत निर्देश दिए हैं। मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि 14 मार्च से 30 मई के बीच विशेष परिस्थिति को छोड़कर पुलिसकर्मियों को अवकाश न दिया जाए। इसके साथ ही फील्ड में तैनात पुलिस अधिकारी अपने इलाके के संवेदनशील और विवादित मामलों का परीक्षण कर लें, जिससे त्योहारों के दौरान किसी तरह के विवाद की स्थिति सामने न आए।

होली पर्व और चुनाव के दौरान विधिव्यवस्था संधारण और कानून व्यवस्था को ध्यान में रहते हुए एडीजी मुख्यालय ने अधिकारियों को सावधानी बरतने को कहा है। वहीं इंटेलिजेंस विभाग भी 24 घंटे जिले के हर इलाके पर नजर बनाए रखें हैं। जिले के सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए है कि वे बाइक पर स्टंट करने वाले, हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.