
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : होली पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है. होली के दौरान शराब कारोबारियों/तस्करों व अवांछित तत्वों और अपराधियों पर पुलिस व उत्पाद की विशेष नजर रहेगी. पर्व को लेकर प्रशासन ने पूरी सतर्कता बढ़ा दी है.

शांतिपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाए जाने और भयमुक्त वातावरण में आगामी लोकसभा चुनाव सम्पन्न कराये जाने को लेकर तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान प्रतिबद्ध हैं. इसके मद्देनजर उन्होंने प्रक्षेत्र के सभी जिलों में एक-एक टीम का गठन करने के दिशा निर्देश दिये हैं जो प्रमंडल के विभिन्न हाईवे पर अपराधियों, तस्करों और शराब माफियाओं/कारोबारियों आदि पर नकेल कसेंगे.

आईजी द्वारा गठित टीम में परिवहन विभाग के अधिकारी, उत्पाद विभाग अधिकारी और पुलिस बल की एक संयुक्त टीम की प्रतिनियुक्ति की जाएगी जो क्रमश: शराब की तस्करी, शराब माफियाओं, हाईवे लूटकाण्ड, सघन वाहन चेकिंग सह तलाशी और अपराधियों आदि के विरुद्ध स्पेशल ड्राईव के तहत अभियान चला कर नकेल कसने का काम करेगी. संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक टीम की निगरानी करेंगे और दिशा-निर्देश देंगे. इसके लिये प्रमंडल के विभिन्न हाइवे पर 10 स्पेशल चेकिंग प्वाइन्ट बनाये जाएंगे, सभी टीम एक-दूसरे से समन्वय स्थापित करते हुये अभियान चलायेगी.

जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि इसकी कवायद चल रही है. सभी पॉइन्ट चिन्हित कर लिए गए है. जल्द ही स्पेशल चेक पॉइन्ट काम करना शुरू कर दिया जायेगा. जोन के सभी डीएम और एसपी खुद इसकी मोनिटरिंग करेंगे. वहीं सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर रखी जायेगी. जोनल आईजी ने दिए गए निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने के साथ ही कहा की किसी भी प्रकार की कोई शिथिलता या लापरवाही पाई जाती है तो उनके विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब हो कि गत् 8 मार्च को जोनल आईजी ने प्रमंडल के सभी जिलों के एसपी/एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस विभाग, उत्पाद विभाग, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की टीम को शामिल करते हुए एक संयुक्त टीम का गठन कर अपने-अपने क्षेत्र की शराब तस्करी के संभावित मार्गों समेत सम्बंधित शहर के इंट्री पॉइंट को चिन्हित करते हुए सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए शराब तस्करी में संलिप्त तस्कर-कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के दिये गये दिशा निर्देश के आलोक में 24 घंटों के अंदर ही टीम को हथौडी़ क्षेत्र में अवैध शराब फैक्ट्री, अवैध शराब और स्पिरिट बरामदगी कर सफलता हासिल हुई थी.
