
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : होली पर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और पुलिस बल द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. बीती रात रैफ जवान पर हुई फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले और इसका तानाबाना बुनने वालों की गिरफ्तारी के लिए पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है. जिले में सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है.

इस दौरान जिला परिवहन विभाग अधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक यातायात ने मोतीझील ओवरब्रिज समेत कई इलाकों में चलाये गये वाहन जांच अभियान के दौरान आधा दर्जन से अधिक वाहनों को दस्तावेज के अभाव में जब्त किया तथा 10 हजार से अधिक का जुर्माना वसूल किया.

वाहन चेकिंग में पुलिस के निशाने पर बिना हेलमेट वाले दो पहिये चालक तो रहे ही साथ ही साथ बिना लाइसेंस के वाहन चालकों की भी जांच की गई. स्कूटी सवार युवतियों और महिलाओं से भी जुर्माना लिया गया. इस दौरान पुलिसकर्मियों से मिन्नतें, मनुहार करती दिखीं कई महिला. स्कूली छात्र व नाबालिगों को भी बिना ड्राईविंग लाईसेंस वाहन चलाते पकड़ा गया. उन्होंने बताया कि वैसे वाहन जिसका कोई पेपर नहीं था उसे भी पकड़ा गया. जहां-जहां चेकिंग अभियान चलाया गया वहां वाहन चालकों के बीच हड़कंप मची रही. पुलिस को देखते ही लोग भागते देखे गए या रास्ता बदल कर निकल गये.

वरीय अधिकारियों ने बताया है कि वाहन चेकिंग अभियान जिले में लगातार चलाया जायेगा. जिला परिवहन पदाधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक यातायात ने वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन की अपील करते हुये कहा कि हैलमेट पहन कर व ड्राइविंग लाईसेंस, इंश्योरेंस के साथ ही वाहनों के सभी दस्तावेजों साथ रखें.
बता दें कि बीती रात फ्लैग मार्च कर लौट रहे जवान पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी थी, इस मामले में डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय व जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने वाहन चेकिंग में लापरवाही बरतने को लेकर सिटी एसपी, पुलिस उपाधीक्षक नगर व काजीमोहम्मदपुर को चेतावनी दी थी.
