VAISHALI/MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : शनिवार देर रात वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के गोड़िया पुल के पास कथित ठेकेदार को गोली मार दी गई. घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली कथित ठेकेदार के पैर को छूते हुये निकल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार वैशाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर सोहावन निवासी कृष्णनंदन सिंह के पुत्र कुंदन कुमार सिंह उर्फ इंग्लैण्ड मुजफ्फरपुर से शनिवार की देर रात घर लौट रहा था, इस दौरान भगवानपुर थाना क्षेत्र के गोढिया पुल के नजदीक उसे कुछ अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वह जख्मी हो गया, सूचना पर पहुँची भगवानपुर थाना की पुलिस ने उसे स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया, जहाँ प्राथमिक इलाज किया गया. भगवानपुर थानाध्यक्ष ने बताया की गोली पैर को छूकर निकल गई जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ.
बताया जाता है कि कुंदन सिंह उर्फ इंग्लैंड पुराना अपराधी रहा है. होली से कुछ दिनों पूर्व घर आये कुंदन सिंह उर्फ इंग्लैंड के खिलाफ भगवानपुर थाना व रेल थाना में भी कई मामले दर्ज हैं. उसपर वर्ष 2005 में भगवानपुर खेतल के एक दम्पत्ति पर बम विस्फोट करने का भी आरोप है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उसकी करतूतों से परेशान होकर परिजनों ने उसे दिल्ली भेज दिया था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुंदन की असामाजिक तत्वों से सांठ गांठ रखता है और वह अभी भी अनैतिक कार्यों में लिप्त बताया जाता है.

भगवानपुर थानाध्यक्ष ने हमले के दौरान हुई फायरिंग से स्पष्ट इंकार करते हुये कहा कि आपसी रंजिश का मामला है, और संभवतः आपसी झड़प में गोली चलने-चलाने के दौरान उसे पैर में गोली लगने से उसे मामूली जख्म आये हैं. फिलहाल भगवानपुर थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है.

विदित हो कि इससे कुछ घंटों पूर्व ही वैशाली के जढुआ में पटना के कंकड़बाग निवासी स्वर्ण व्यवसायी अशोक वर्मा को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी. घटना के संबंध में बताया जाता है कि सारण के आमी स्थित अम्बिका स्थान से देवी दर्शन कर लौट रहे व्यवसायी की बाईक को अपराधियों ने ओवरटेक कर रोक कर पेट में गोली मार दी थी. स्थानीय पीएचसी में उपचारोपरांत उन्हें पटना रेफर कर दिया गया.
