“ताई” के नाम से मशहूर सुमित्रा महाजन इंदौर सीट पर लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकों में होंगी शामिल

भाजपा का मजबूत गढ़ कही जाने वाली मध्य प्रदेश की इंदौर लोकसभा सीट के लिए पार्टी ने फिलहाल अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। लेकिन इस सीट से लगातार आठ बार जीत का रिकॉर्ड बनाने वाली लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। भाजपा के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि “ताई” के नाम से मशहूर सुमित्रा महाजन इंदौर सीट पर 19 मई को होने वाले लोकसभा चुनावों के मद्देनजर शहर के विभिन्न वॉर्डों में पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकों में शामिल हो रही हैं । इस दौरान वह भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील कर रही हैं कि वे नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिये पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतर जाएं।

साल 1989 से लोकसभा में इंदौर क्षेत्र की सतत नुमाइंदगी कर रहीं महाजन 12 अप्रैल को 76 साल की होने वाली हैं। लिहाजा सियासी गलियारों में ऐसी अटकलें भी हैं कि इस बार उन्हें उम्र के आधार पर भाजपा के चुनावी टिकट से वंचित किया जा सकता है।

इंदौर से लगातार नौवीं बार महाजन की उम्मीदवारी को लेकर फिलहाल रहस्य बना है लेकिन कांग्रेस इस बारे में भाजपा पर निशाना साधने से नहीं चूक रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता के के मिश्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ताई का राजनीतिक कद बहुत बड़ा है। लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने इंदौर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर अब तक कोई घोषणा नहीं की है। यह केवल ताई का ही नहीं, बल्कि देवी अहिल्या बाई के इस ऐतिहासिक शहर और इसकी जनता का भी अपमान है।

बहरहाल, खुद कांग्रेस ने भी इंदौर क्षेत्र से अपने उम्मीदवार की अब तक घोषणा नहीं की है जहां उसे गुजरे 30 साल में लगातार चुनावी पराजय का स्वाद चखना पड़ा है। इस बारे में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा कि हम इंतजार कर रहे हैं कि इंदौर से भाजपा का चुनावी उम्मीदवार 75 वर्ष से अधिक उम्र का होगा या वह इससे कम उम्र का होगा?

हम इंदौर में भाजपा से बेहतर उम्मीदवार उतारेंगे और इस पार्टी के तथाकथित सूरमाओं को चुनावों में धूल चटा देंगे। उन्होंने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री कमलनाथ की जेब में रखी पर्ची में इंदौर लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार का नाम लिखा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.