केरल की वायनाड सीट से एनडीए ने भी अपना उममीदवार तय कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि भारत धर्म जन सेना के अध्यक्ष तुषार वेलापल्ली वायनाड से एनडीए उम्मीदवार होंगे। बता दें कि वायनाड से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उम्मीदवार हैं। रविवार को कांग्रेस ने एलान किया था कि राहुल गांधी अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ेगे।
इसके बाद से ही यह सीट चर्चा का विषय बन गई। राहुल पहली बार किसी दक्षिण भारतीय राज्य से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इससे पहले इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी भी दक्षिण का रुख कर चुके हैं।

यह एलान उस समय हुआ जब रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दक्षिण भारत के दौरे पर थे। प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा से कहते आए हैं कि अमेठी उनका कार्यक्षेत्र रहा है और रहेगा, लेकिन दक्षिण भारत से लगातार आ रही मांगों के बाद यह निर्णय लिया गया है।
बता दें कि कांग्रेस की ओर से राहुल के नाम के एलान के बाद वाम दलों में हलचल मच गई। वाम दलों ने इसे भाजपा के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने का प्रयास बताते हुए राहुल को हराने का दावा किया।