सीवान : सीवान में रहने वाले एक युवक में जीका वायरस मिले हैं. मामला सीवान के बड़हरिया प्रखंड से जुड़ा है जहां के हरपुर लालगढ़ के युवक में ये खतरनाक वायरस पाया गया. इसकी पुष्टि बिहार के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने भी की है.
संजय कुमार ने बताया कि युवक में जीका वायरस मिले हैं और फिलहाल उसके पूरे परिवार की जांच कराई जा रही है. हालांकि उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि वायरस वो राजस्थान से लेकर आया था या फिर बिहार आने पर उसमें ये खतरनाक वायरस पाया गया.
सीवान के युवक पंकज में जयपुर में हुए मेडिकल जांच के दौरान जीका वायरस मिला है. युवक पंकज चौरसिया अपने घर बिहार के सीवान में 28 अगस्त को आया था जहां उसे बीएससी की परीक्षा देनी थी. सीवान आने पर उसकी तबियत खराब थी लेकिन जब वो दुबारा 12 सितम्बर को जयपुर गया तो उसकी तबियत दुबारा बिगड़ गई. पंकज की तबियत खराब होने के बाद जांच के दौरान पाया गया कि उसमें जीका वायरस है.
इसकी पुष्टि जयपुर के एसएमएस मेडिकल कालेज में जांच के दौरान हुई. पंकज में जीका वायरस मिलने के बाद बिहार का स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट पर है. पंकज के परिवार को 26 दिन के लिये परीक्षण पर रखा गया है साथ ही गांव के 13 किलोमीटर के इलाके में मच्छरों को भगाने के लिए फॉगिंग मशीन से छिड़काव भी किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने बताया कि इस मामले में केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने एडवाईजरी जारी की है इसके अलावा मामले की जांच के साथ ही हाई लेवल मीटिंग भी की जा रही है.