MUZAFFARPUR : SSP द्वारा गठित टीम ने किया लूट की घटना का महज 6 घंटों में उद्भेदन, दो धराये

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिला पुलिस ने गहन जांच पड़ताल करते हुये सघन छापेमारी कर अपराध की घटना के महज 6 घंटों के अंदर घटना में शामिल अपराधियों में से एक अपराधी समेत मुख्य लाईनर की भूमिका निभाने वाले लाईनर को गिरफ्तार करते हुये लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने में कामयाबी हासिल की है.

गौरतलब हो कि बीते मंगलवार को 5:45 बजे संध्या के आसपास अहियापुर थाना क्षेत्र के अखाड़ाघाट शेखपुर निवासी सुनील कुमार उर्फ मास्टर साहब के बाजार समिति स्थित आलू प्याज के थोक व्यवसायी की दुकान से दिन भर की बिक्री के रखे 2.5 से 3 लाख रुपये को अपराधियों ने लूट लिया और फायरिंग करते हुये बाईक से भाग निकले थे. घटना के वक्त दुकान पर उनके भाई राजेन्द्र सिंह बैठे थे.

नगर डीएसपी मुकुल रंजन और अहियापुर थानाध्यक्ष सोना पकरसाद सिंह ने जांच के दौरान तीन खोखे भी बरामद किये थे. पुलिस ने तत्क्षण ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अपराधियों को चिन्हित भी कर लिया था. जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया था कि घटना में स्थानीय अपराधियों शामिल थे.

घटना के उपरांत वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के दिशा निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु सिटी एसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन, अहियापुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सोना प्रसाद सिंह व पुलिस बल को शामिल कर टीम गठित की गई.

मामले की गहनता से जांच पड़ताल करते हुये सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तकनीकी और मानवीय श्रोतों का सहारा लेते हुये ताबड़तोड़ छापेमारी कर घटना में शामिल अपराधियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधी की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ निवासी प्रिंस कुमार के रुप में की गई. प्रिंस के बयान के आधार पर बाजार समिति स्थित एक दुकानदार संजय कुमार साह को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

बताया जाता है कि घटना में संजय साह ने ही मुख्य लाईनर की भूमिका निभायी थी. पुलिस टीम ने लूट में प्रयुक्त 220 पल्सर बाईक बरामद करते हुये लूट की राशि में से पाँच हजार रुपये नगद भी बरामद कर लिया. वहीं घटना में शामिल दो अपराधी फरार बताये जाते हैं, जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम छापेमारी कर रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.