
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिला प्रशासन द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गयी. मुज़फ़्फ़रपुर 15 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज बुधवार 10 अप्रैल से चुस्त दुरुस्त प्रशासनिक व्यवस्था के बीच नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई. आज जीत का दम्भ भरते हुये भाजपा प्रत्याशी सांसद अजय निषाद, स्वतंत्र प्रत्याशी आशुतोष शाही, बज्जिकांचल विकास पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र राकेश, स्वतंत्र प्रत्याशी अजितांश गौड़ और निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में तमन्ना हाशमी समेत कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया. जिले में पांचवे चरण के लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी 10 से 18 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं, 20 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, उम्मीदवारों द्वारा 22 अप्रैल को नामांकन वापस ले सकते हैं, 6 मई 2019 को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया जायेगा और 23 मई को मतगतना के बाद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने निर्वाचन नामांकन के पूर्व जायजा लिया. दिन के 11 बजे से लेकर 3 बजे तक ही प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं. नामांकन के दौरान समाहरणालय परिसर में निषेधाज्ञा लागु रहने से प्रत्याशियों और प्रस्तावकों के सिवाए के समर्थकों को प्रवेश की अनुमति नहीं थी. नामांकन के दौरान अनुमंडलाधिकारी पूर्वी कुंदन कुमार, सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन सुरक्षा की कमान संभाल रखी थी.

आज नामांकन के पहले दिन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपने प्रस्तावक के साथ नामांकन दाखिल करने पहुँचे अजितांश कुमार गौड़ ने पहले प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.

एनडीए के प्रत्याशी और सांसद अजय निषाद ने नामांकन दाखिल किया. मीडिया को संबोधित करते हुये उन्होंने बताया कि मुज़फ़्फ़रपुर में विकास का कार्य हुआ है, वहीं देश में नरेन्द्र मोदी की सरकार बनना तय है, उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान देश में हर तरफ विकास की गंगा बह रही है इसलिये उनकी जीत सुनिश्चित है. एनडीए प्रत्याशी अजय निषाद ने मीडिया को बताया की शहर की जनता का समर्थन उन्हें प्राप्त है, सो उनकी जीत निश्चित है.

उन्होंने कहा की विगत पांच वर्षो में गाँव-शहरों में सड़कों के निर्माण के साथ ही विकास का काफी कार्य हुआ है, जिले में अब बिजली भी 18-20 घंटे रहती है. कटरा के स्थानीय निवासियों के प्रखंड को चचरी मुक्त करने के किये गए वायदे पर उन्होंने कहा की तीन महीने पहले ही गडकरी जी द्वारा शिलान्यास किया गया है. ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है, अगले 2 वर्षों में कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा.

निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया भगवा रंग के कपड़े और पगड़ी पहने अपने प्रस्तावक संग नामांकन दाखिल करने पहुंचे आशुतोष कुमार शाही. स्वतंत्र प्रत्याशी आशुतोष शाही ने कहा कि भगवा भगवान का रंग है और क्षेत्र के विकास के लिए समाज के सभी वर्ग के बुद्धिजिवियों द्वारा चुनकर आया हूं. वर्तमान सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के लोगों के साथ छल किया है और जनता को ठगा गया है. आशुतोष शाही ने कहा की शहर में किसी भी मुद्दे पर कोई कार्य ही नहीं हुआ है. मुजफ्फरपुर में किसी भी क्षेत्र में विगत पिछले 20-25 वर्षों में विकास का कार्य नहीं हो सका है.

उन्होंने स्मार्ट सिटी को एक राजनीतिक स्टंट बताया. कहा की मुजफ्फरपुर शहर पहले सिटी तो बन जाये. उन्होंने कहा की मुजफ्फरपुर शहर जो वंशवाद और जातिवाद के चक्कर में गिरवी रखा है, उसे मुक्त कराना है. उन्होंने एक स्वस्थ समाज निर्माण की बात कहते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता सामाजिक सौहार्द के साथ जिले के विकास का मुद्दा होगा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादाओं का जो हनन हो रहा है उस दिशा में कार्य करते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास का मुद्दा उठाएंगे.

मुज़फ़्फ़रपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में चौथे प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे निर्दलीय उम्मीदवार तमन्ना हाशमी ने जीतने के उपरांत क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थय के मुद्दे को अपनी पहली प्राथमिकता बतायी. निर्दलीय प्रत्याशी तमन्ना हाशमी ने कहा की जनता ने एक बार भरोसा कायम कर उन्हें जीत का सेहरा पहना दिया तो जिले में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण, स्वस्थ्य क्षेत्रों में प्राइवेट डॉक्टरों की मनमानी के खिलाफ आवाज़ बुलंद करते हुए डॉक्टरों की अधिकतम शुल्क 200 करने, चचरीमुक्त शहर, प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण और एम्स की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा की स्थानीय एसकेएमसीएच को एम्स का दर्जा दिलाने आदि उनकी प्रमुख मुद्दे होंगे.

मुज़फ़्फ़रपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 5वें प्रत्याशी के रूप में अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे बज्जिकांचल विकास पार्टी के उम्मीदवार देवेन्द्र राकेश ने भी जिले में रुकी विकास की रफ्तार को गति प्रदान करने की बात कही.
