
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव और पर्व-त्योहारों के मद्देनजर रेल पुलिस अधीक्षक अशोक कुमखर सिंह के दिशा निर्देश पर मुजफ्फरपुर रेल जिलान्तर्गत सभी रेलवे स्टेशनों पर विशेष जाँच सह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. इससे शराब समेत हथियार तस्करों व प्रतिबंधित सामानों की तस्करी करने वालों में हड़कम्प व्याप्त है.

सोमवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान रेल एसपी श्री सिंह द्वारा रेल थानाध्यक्षों के नेतृत्व में ट्रेनों में सेक्शनवार जाँच अभियान चलाये जाने के निर्देश के आलोक में रेल पुलिस को कई सफलतायें भी प्राप्त हो रही हैं. इस क्रम में मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर दरभंगा के सिंघवाडा़ प्रखंड निवासी संजय राम को कोका कोला की बोतल में 1.750 एमएल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार करते हुये उत्पाद अधिनियम की धारा के तहत जेल भेज दिया गया.

वहीं जिले के कांटी थाना क्षेत्र के छपरा मनोरथ निवासी झपट्टमार अशोक कुमार सहनी को गिरफ्तार करते हुये चोरी का एक मोबाईल बरामद किया गया.

रेल एस्काॅर्ट पार्टी द्वारा गोंदिया एक्सप्रेस में औचक निरीक्षण के दौरान बेगूसराय के तेघडा़ थाना क्षेत्र के मदुरापुर निवासी पवन सिंह को 750 एमएल के सिग्नेचर ब्रांड की तीन बोतल, 375 एमएल की एक और 750 एमएल की 3 बोतल मैजिक मोमेंट ब्रांड की अवैध विदेशी शराब के साथ धर दबोचा. गिरफ्तार पवन सिंह के खिलाफ उत्पाद अधिकारी की धारा के तहत जेल भेज दिया गया.

नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पर 15274 डाउन सत्याग्रह एक्सप्रेस के समय पर रेल पुलिस द्वारा जाँच व तलाशी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3/4 के पूर्वी छोर पर लावारिस हालत में रखे राॅयल स्टैग ब्रांड के 750 एमएल के 6 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद किया गया.
रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मुजफ्फरपुर रेल जिला अंतर्गत सभी 11 जिलों के रेल थाना के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि चुनाव व त्योहारों को लेकर अवैध शराब, पैसे, हथियार व प्रतिबंधित सामानों की आवक में प्राय: बढ़ोत्तरी देखी जाती है. इसलिये सभी रेल थाना में अपराध पर नियंत्रण, नशा खुरानी गिरोहों, शराब तस्करों, अवैध हथियार तस्करों, झपट्टमार गिरोहों पर विशेष निगाह रखते हुये विधिसम्मत कार्रवाई करें जिससे अवैध शराब तस्कर, हथियार व प्रतिबंधित सामानों पर नकेल कसी जा सके.