
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले में शांतिपूर्ण, स्वच्छ निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराये जाने को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. पांचवे चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए आज बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. इसके लिए समाहरणालय परिसर में सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था पूर्ण किये जा चुके हैं. इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया की चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार पांचवे चरण के चुनाव के नामांकन को लेकर जिला समाहरणालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इन्तजाम किये गए हैं.

समाहरणालय परिसर में अर्धसैनिक सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ही बैरिकेडिंग लगा कर सामान्य आवाजाही पर रोक लगा दी गयी है. इसके साथ ही साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष के आदेश पर वारंटियों कि लिस्ट के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों और लोगों की सूची के साथ उपस्थित रहेंगे. कोई भी ऐसा उम्मीदवार या उनके समर्थक वांछित न हों, फरारी वारंटी न हो इसकी सत्यापन कर कार्रवाई की जायेगी.

एसएसपी ने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त हस्ताक्षर से दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. समाहरणालय की ओर आने वाले प्रत्येक मार्गों पर बैरिकेडिंग लगा कर औचक रुप से जाँच सह तलाशी की जायेगी. वहीं ट्रैफिक नियमों में भी कुछ बदलाव किये गये हैं.
