MUZAFFARPUR : अपराधियों ने सरेशाम 3 लाख की लूट को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन के ‘पुख्ता इंतजाम’ की खोली पोल

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर जिले में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वरीय अधिकारियों के दिशा निर्देश पर शहर को सील कर व्यापक रुप से जाँच व तलाशी अभियान चलाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर अपराधियों द्वारा अपराध की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन की चुनाव पूर्व सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध की दिशा में की गई तैयारियों पर सवालिया निशान खड़ा करते हुये चुनौती दे रहे हैं.

मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति के पास आलू प्याज के एक थोक कारोबारी सुनील कुमार उर्फ मास्टर से हथियार के बल पर अपराधियों ने 3 लाख रुपए लूट लिये. मिली जानकारी के अनुसार लूट के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से लुटेरों द्वारा तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की गयी है. इस बीच वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने भी कहा है कि लूट की घटना में शामिल अपराधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है, अपराधियों की गिरफ्तारी शीघ्र ही सुनिश्चित कर ली जायेगी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अहियापुर थाना क्षेत्र के अखाड़ाघाट शेखपुर निवासी सुनील कुमार उर्फ मास्टर साहब बाजार समिति में आलू प्याज का थोक व्यवसाय करते हैं. मंगलवार संध्या दिन भर की बिक्री के लगभग 3 लाख रुपये व्यवसायियों को देने हेतु एक थैले में डाल कर रखे थे.उनकी गद्दी पर उनके भाई राजेन्द्र सिंह बैठे थे, इस बीच 5:45 बजे के आसपास संध्या में तीन अज्ञात अपराधी उनकी दुकिन पर पहुँचे और गमछे से मुंह बांधे एक युवक ने रुपयों से भरा थैला उठा लिया.

राजेन्द्र सिंह ने समझा कोई परिचित होगा और मजाक कर रहा है. इस बीच एक अन्य युवक उनके पीछे चला गया. थैला उठाये युवक ने कहा कि चलो. इस पर राजेन्द्र सिंह ने कहा कि थैला तो दे दो. इस बीच उनके पीछे खड़े युवक ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग कर दी और बाईक पर सवार होकर चलते बने. दुकान पर बैठे राजेन्द्र सिंह ने बताया कि दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों द्वारा किये गये फायरिंग के बाद अपराधियों का विरोध करने या उन्हें पकड़ने की हिम्मत नहीं हो सकी.

सूचना पाकर पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन और अहियापुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँच कर जाँच पड़ताल की और घटनास्थल से खोखे भी बरामद किये. डीएसपी नगर व पुलिस ने अपराधियों के भागने की दिशा में जांच करते हुये बाजार समिति के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाला और अपराधियों के पहचान हो जाने के दावे किये.

डीएसपी मुकुल रंजन ने अपराधियों के चिन्हित होने और पुलिस द्वारा अविलम्ब गिरफ्तार कर लिये जाने की भी बात कही गयी है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों के भागने के दौरान एक जगह बाईक असंतुलित होकर टकराने की भी बात कही जा रही है.

अहियापुर थाना क्षेत्र अपराधियों का साॅफ्ट टारगेट बन चुका है. अपराध के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना चुका अहियापुर थाना क्षेत्र में आये दिन अपराधियों द्वारा बेखौफ होकर लूटपाट की कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है. आज फिर से लूट की घटना को अंजाम देकर अपराधियों ने यह साबित कर दिया कि पुलिस गश्ती, शहर सील कर नाकेबंदी कर जाँच व वाहन चेकिंग और शहरी क्षेत्रों में औचक निरीक्षण का कोई फायदा नहीं. गौरतलब है कि अहियापुर के संगमघाट पुल व हाईवे के सुनसान स्थान के आसपास हाल के दिनों में कई आपराधिक घटनाये घट चुकी हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.