
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : सामाजिक समरसता कायम रखने और जिलेवासियों की सुरक्षा के लिये नित नए नए प्रयोगों के लिए प्रसिद्ध मुजफ्फरपुर के एसएसपी ने एक बार फिर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने को लेकर एक अनोखी पहल की है. उन्होंने रामनवमी पर्व के दौरान विधि व्यवस्था संधारण और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की दिशा में जिले भर में 250 पुलिस मित्रों का सहयोग लिया जा रहा है. जो शहर के चिन्हित डेढ़ दर्जन संवेदनशील स्थानों पर भ्रमणशील रहते हुये अराजक तत्वों पर नजर रखेंगे और शांति व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करेंगे.

एसएसपी ने इस संबंध में बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का अनुपालन शक्ति से कराया जा रहा है इस बाबत चुनाव आयोग के द्वारा जारी दिशा निर्देश के तहत जिले में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ ही पुलिस मित्र भी पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विधि व्यवस्था संधारण में स्वेच्छा के साथ अपनी सहभागिता निभाएंगे.

रामनवमी पर्व के दौरान मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिला शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर कई मुद्दों पर चर्चा करते हुये जुलुस के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने को लेकर प्रशासन को सहयोग करने की दिशा में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं.

एसएसपी श्री कुमार ने कहा कि रामनवमी पर्व में बड़े पैमाने पर जुलूस का आयोजन किया जा रहा है, जिस दौरान विधि व्यवस्था और सद्भाव पूर्ण वातावरण में अराजक तत्व बाधक ना बने इसलिए जिले में एक नई पहल करते हुए बड़ी संख्या में पुलिस मित्रों का सहयोग लिया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि पुलिस मित्रों की टीम में पुलिस पाठशाला के युवा छात्र छात्राओं सहित एनसीसी स्काउट गाइड और स्वयंसेवी संस्थाओं के युवाओं को शामिल किया गया है जो समाज में सद्भाव और शांतिपूर्ण माहौल के निर्माण की इच्छा रखते हुए शांतिपूर्ण और उल्लास पूर्ण वातावरण में पर्व त्यौहार मनाए जाने को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं.

एसएसपी ने बताया कि पुलिस पाठशाला एनसीसी के छात्र-छात्राओं में अनुशासन और पुलिस कार्यशैली का अनुभव होता है अतः जनहित में उनका सहयोग लिया जा रहा है.
एसएसपी ने पुलिस मित्रों की टीम को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश देते हुए कहा कि इससे समाज में एक बेहतर संदेश जाएगा और पुलिस मित्र की टीम के युवाओं का यह सराहनीय कदम एक नए और स्वच्छ समाज के निर्माण में सहायक साबित होगा साथ ही जिले में युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी साबित होंगा. इस दौरान सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन, शहरी क्षेत्रों के सभी थानाध्यक्ष व जिला शांति समिति के सदस्य भी उपस्थित रहें.
