MUZAFFARPUR : बाबासाहेब जयंती समारोह में बोले आयुक्त-निर्वाचन की प्रक्रिया हमारे संविधान की ही देन

MUZAFFARPUR : भारतीय संविधान के रचयिता समाज सुधारक एवं महान नेता डॉ भीमराव अंबेडकर की 128 वी जयंती पर समाहरणालय परिसर में बड़े ही उल्लास एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ.

कार्यक्रम में प्रमंडलीय आयुक्त नर्मदेश्वर लाल, जिला अधिकारी आलोक रंजन घोष, वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण, स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए बाबासाहेब को शत शत नमन किया. इसके पूर्व समाहरणालय स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित की.

प्रमंडलीय आयुक्त नर्मदेश्वर लाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब एक राजनीतिक नेता, कानून विद, मानव विज्ञानी, शिक्षक एवं जाने-माने अर्थशास्त्री थे. उनके सामाजिक कार्य और लोगों के उत्थान के प्रति उनका संघर्ष अनुकरणीय है.

उन्होंने कहा कि निर्वाचन की प्रक्रिया हमारे संविधान की ही देन है. अतः विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की सार्थकता तभी मानी जाएगी जब सभी लोग बूथ पर जाएं तथा जाति, धर्म, मजहब, वर्ग और भाषा से उपर उठकर लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व में शामिल होकर शत प्रतिशत मतदान करें. समारोह में उपस्थित जिला पदाधिकारी आलोक रंजन घोष ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भारतीय संविधान के वास्तुकार तो थे ही, साथ ही एक समाज सुधारक के रूप में उनका जीवन अनुकरणीय है.

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने कहा कि बाबा साहेब ने सक्रिय रूप से समाज के अंतिम पायदान पर रहने वाले लोगों के लिए कार्य किया और उनके अधिकारों के लिए आजीवन अपनी अंतिम सांस तक लड़ते रहे. आज का दिन भारतीय इतिहास में बहुत बड़ा महत्व रखता है.

उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य में उनके सक्रिय भागीदारी के कारण उन्हें “बाबा साहेब” के नाम की उपाधि दी गई. 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में न केवल हमारे देश में बल्कि दुनिया के अन्य देशों में भी एक वार्षिक समारोह के रूप में मनाया जाता है.

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, उप समाहर्ता, आपदा, आयुक्त के सचिव के साथ अन्य वक्ताओं ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया. कार्यक्रम में उपस्थित अनुसूचित जाति/जनजाति आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा मनमोहक प्रस्तुति पेश की गई वहीं मंच संचालन अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी अनिल कुमार दास ने किया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.