MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 30 अप्रैल को जिले में होने वाले रैली को लेकर पुलिस और प्रशासन की हलचल तेज हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित रैली व जनसभा को लेकर पुलिस विभाग के आलाधिकारियों ने सभास्थल का निरीक्षण करते हुये कई दिशा निर्देश दिये.
पताही हवाई अड्डा परिसर में रैली को लेकर तिरहुत प्रक्षेत्र के पुरिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खा, पुलिस उपमहानिरीक्षक रविंद्र कुमार,कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने पताही हवाई अड्डा स्थित सभा स्थल का निरीक्षण किया. जोनल आईजी श्री खान ने सभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया एवं मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया.
आईजी ने मौके पर अस्थायी शौचालय के निर्माण, पेयजल की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभा में भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए मजबूती के साथ बेरिकेडिग करने पर बल दिया. साथ ही सभा स्थल पर विभिन्न इलाकों से आने वाले लोगों के आने एवं बाहर निकलने के रास्ते के अलावा वीआइपी गेट तथा डी एरिया में किस तरह की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए इस पर भी विचार किया गया.

सुरक्षा व्यवस्था हेतु मजबूत बैरेकेडिंग व मजबूत मंच बनवाये जाने के भी निर्देश दिये. आईजी ने पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में करजा पुलिस व सदर पुलिस को इलाकों में गश्ती बढ़ाने एवं वाहनों की सघन जांच सह तलाशी अभियान चलाये जाने के भी आदेश दिये.

प्रधानमंत्री की सभा व रैली के मद्देनजर सभा स्थल व इसके आसपास के इलाकों में चप्पे चप्पे पर पुलिस अपनी पैनी नजर बनाये रखे है. बताया जाता है कि पीएम की सभा को देखते हुए आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल मंगाये जाने की संभावना है.
