गया. गैर हिंदू विदेशियों में भी गया पहुंचकर श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान का चलन बढ़ा है। इसके लिए वे तीन वर्षों तक सनातन धर्म का पालन कर रहे हैं और नाम व गोत्र भी बदल रहे हैं। गया में श्राद्ध के लिए ऐसा करना जरूरी है। पिंडदान के लिए विदेशियों को तीन साल तक सनातन धर्म का पालन करना पड़ता है। गया में पितरों को मोक्ष दिलाने के लिए अब तक इस्कॉन के माध्यम से करीब 3 सौ विदेशियों ने पिंडदान कर चुके हैं। अमेरिका और यूरोपीय देशों से पिंडदानी यहां पहुंच रहे हैं।
मानने पड़ते हैं चार नियमः गया श्राद्ध के पूर्व विदेशियों को चार नियमों का पालन करना पड़ता है। पहला शाकाहार अपनाना पड़ता है, ताकि मन में दयाभाव पैदा हो। शराब सहित अन्य मादक पदार्थों से खुद को दूर रखना होता है, ताकि तपस्या बल नष्ट न हो। जुआ वर्जित है ताकि जीवन में सत्यता हो और जीवन में शुद्धता लाने के लिए पराई स्त्री से शारीरिक संबंध ना रखने की शपथ लेनी होती है।
गोत्र के साथ नाम बदलाः गया में पिंडदान से पहले तीन साल तक सनातनी नियमों के पालन के साथ-साथ जर्मनी के एनटॉन ने अपना नाम परिवर्तित कर श्याम विलास रख लिया है। रूप की तामारा अब विष्णुप्तिया देवी और मार्गेरिटा मंजू लाली देवी के नाम से जानी जाती हैं।
इस्कॉन से जुड़ीं मनोवैज्ञानिक नताशा बन रही हैं माध्यमः दुनिया के विभिन्न देशों में इस्कॉन-हरे राम हरे कृष्ण मिशन संस्था संचालित है। इस्कॉन से जुड़ीं वैदिक गुरु नताशा सारनोवा मूल रूप से मनोवैज्ञानिक हैं और हिन्दू धर्म का दुनिया भर में प्रचार कर रही हैं। उन्हीं के माध्यम से हाल के वर्षों में अमेरिका, रूस, इटली, स्पेन, जर्मनी, कोरिया, स्वीट्जरलैंड सहित दर्जन भर देशों के लोग गया में अपने पितरों को मोक्ष दिलाने के लिए ग्रुप में आ रहे हैं।
विष्णुपद मंदिर में अहिंदू प्रवेश निषेध, इसलिए होना पड़ता है हिन्दू धर्म से संस्कारितः ऐतिहासिक विष्णुपद मंदिर में अहिंदू प्रवेश निषेध है। मुख्य द्वार पर ही इस संबंध में नोटिस लगा है। वर्ष 1930 में लॉर्ड वायसराय दर्शन के लिए आए तो मंदिर परिसर के उत्तरी हिस्से में उनके लिए झरोखा का निर्माण हुआ। यही स्थान स्थायी रूप से विदेशियों के लिए निर्धारित है। हालांकि बौद्ध, सिख धर्म को प्रबंधन समिति ने प्रतिबंध से अलग रखा है। वैसे इस मंदिर दूसरे अन्य धर्म के लोगों के प्रवेश मेंं बहुत ज्यादा बाधा नहीं है।