पटना : उपमुख्यमंत्री सह भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने ‘लालू लीला’ नामक पुस्तक लिखी है. इस पुस्तक का लोकार्पण लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती 11 अक्टूबर, 2018 को स्थानीय विद्यापति भवन में आयोजित कार्यक्रम में लोकार्पण किया जायेगा. सुशील मोदी की लिखी ‘लालू लीला’ पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन ने किया है.
क्या है पुस्तक में
बताया जाता है कि पुस्तक में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा विधायक, पार्षद, सांसद और मंत्री बनाने के एवज में रघुनाथ झा, कांति सिंह जैसे कई नेताओं से जमीन-मकान दान में लिखवाये जाने का जिक्र किया गया है. साथ ही भ्रष्टाचार से कमाये गये काले धन को सफेद करने के लिए बीपीएल श्रेणी के ललन चौधरी, रेलवे के खलासी हृदयानंद चौधरी तथा भूमिहीन प्रभुनाथ यादव, चंद्रकांता देवी, सुभाष चौधरी आदि से नौकरी तथा ठेका या अन्य लाभ पहुंचाने के एवज में कीमती जमीन-मकान दान के जरिये हासिल किये जाने की भी बात होगी.
लालू परिवार ने बेनामी संपत्ति हासिल करने के लिए रिश्तेदारों को कैसे माध्यम बनाया, इसका भी खुलासा पुस्तक में किया गया है. भाई के समधियाने, अपनी ससुराल, बेटी की ससुराल के रिश्तेदारों के नाम से पहले अपने कालेधन से जमीन-मकान खरीदे और बाद में पत्नी, बेटों और बेटियों के नाम गिफ्ट करा लिये. ऐसे करीब दर्जनभर मामलों को पुस्तक में उजागर किया गया है. यही नहीं, लालू प्रसाद यादव ने मुखौटा कंपनियों का इस्तेमाल कर कैसे संपत्ति बनायी गयी, इसका भी उल्लेख इस पुस्तक में किया गया है.
पुस्तक के लोकार्पण के लिए आयोजित समारोह में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय रामकृपाल यादव, बिहार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, ग्रामीण विकास और संसदीय कार्यमंत्री श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजीव प्रताप रूडी और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन भी लोकार्पण के मौके पर उपस्थित रहेंगे.