बैतूल. जिला अस्पताल से चार दिन की नवजात के गायब होने के मामले में नया खुलासा हुआ। शादी के पांच माह में ही बच्ची का जन्म होने से लोक-लाज के डर से नवजात को मां ने ही झाड़ियों में फेंक कर अपहरण की झूठी कहानी बताई थी। पुलिस ने सोमवार को अस्पताल परिसर में झाड़ियों बच्ची को बरामद कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बच्ची स्वस्थ बताई जा रही है।
जिला अस्पताल से रविवार शाम 4.20 बजे चार दिन की नवजात के गायब होने से हड़कंप मच गया था। पुलिस को सभी पहलू पर जांच करने एवं सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मां पर शक हुआ। पुलिस ने प्रसूता के बयान लिए जो संदिग्ध लगे। प्रसूता 16 घंटे तक पुलिस को गुमराह करती रही। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो प्रसूता ने पुलिस को सारी कहानी बता दी। मां चंपी बाई ने कहा अचानक बच्ची का पेट फूलने से उसने समझा कि बच्ची मर गई है और उसने उसे ले जाकर अस्पताल के पीछे फेंक दिया
16 घंटे तक पुलिस को गुमराह करती रही मां
मां चंपी बाई उइके ने 16 घंटे तक पुलिस को गुमराह करती रही। एएसआई भूपेश बघेल ने बताया चंपी बाई लगातार अलग-अलग बयान देकर पुलिस को गुमराह कर रही थी, जिसके कहने पर पुलिस रात में ही उसे लेकर आमला भी गई थी, लेकिन बच्ची के वहां भी नहीं मिलने पर जब कोतवाली में उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसी ने अपनी बच्ची को जिला अस्पताल के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया है। जानकारी मिलने के बाद जब महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर दबिश दी, तो बच्ची झाड़ियों के बीच पड़ी हुई थी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
झाड़ियों में बच्चे के फेंकने की कहानी भी संदिग्ध
मां ने पुलिस को बच्ची को झाड़ियों में फेंकने की कहानी बताई है। लेकिन मां की यह कहानी भी संदिग्ध नजर आ रही है। क्योंकि चार दिन की नवजात के 16 घंटे तक झाड़ियों में पड़े रहने ठंड होने के बाद भी बच्ची हालत ठीक है। किसी कीड़े एवं मच्छर ने भी बच्ची के शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाया है। इसलिए पुलिस भी इस कहानी को संदिग्ध मान रही है। इस मामले में प्रसूता के अन्य परिजन के शामिल होने की आशंका है।
5 माह पहले हुई थी शादी
कोतवाली थाना प्रभारी सुनील लाटा ने बताया चंपी बाई की शादी 5 माह पहले झगड़िया निवासी मनोज उइके से हुई थी। 3 अक्टूबर को बच्ची को जन्म दिया। सामाजिक कारणों से उसने बच्ची को झाड़ियों फेंक दिया। धारा 317 का अपराध दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।