ओडिशा सरकार ने चक्रवाती तूफान ‘फैनी’ के संभावित खतरे के मद्देनजर अपने दक्षिणी और तटीय जिलों को सतर्क कर दिया है, एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। हालांकि उन्होंने कहा कि तूफान के राज्य में आने की संभावना नहीं है। अधिकारी ने कहा कि सभी 880 चक्रवात केंद्रों के अलावा ओडीआरएएफ (ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स) की 20 इकाइयां, एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की 12 इकाइयां और 335 अग्निशमन इकाइयों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
मुख्य सचिव एपी पाढ़ी ने यहां एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, “हालांकि ओडिशा में चक्रवात फैनी के ओडिशा में आने की संभावना नहीं है, लेकिन यह राज्य के तटीय इलाके से होकर गुजरेगा। इसके प्रभाव से राज्य में भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ”

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘फैनी’ अगले 12 घंटों में खतरनाक तूफान में तब्दील हो सकता है। लिहाजा मौसम विभाग ने केरल समेत सभी दक्षिण भारतीय राज्यों से एहतियात बरतने को कहा है। भारतीय मौसम विभाग के चक्रवात चेतावनी प्रभाग ने रविवार को कहा कि फिलहाल ‘फैनी’ श्रीलंका के त्रिनकोमाली के 745 किलोमीटर दक्षिण पूर्व, तमिलनाडु के चेन्नई के 1050 किलोमीटर दक्षिणपूर्व और आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम शहर के 1230 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में है। अगले 24 घंटे में इसके ‘बेहद खतरनाक’ होने की आशंका है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 मई की शाम तक यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। विभाग ने फैनी के कारण केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के इलाकों में अगले कुछ दिन होने वाली बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
तूफान फैनी तेजी से ओडिशा तट से टकरा चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, फैनी के आने के बाद ओडिशा के पुरी समेत और भी कई इलाकों में हवा 200 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से चल रही है।