भारत में ऑनलाइन ठगी की घटनाई काफी तेजी से बढ़ रही है। आए दिन रिपोर्ट सामने आ रही है कि फलां आदमी साइबर क्राइम का शिकार हो गया है। यहां गौर करने वाली बात है कि ऑनलाइन ठगी के शिकार सबसे अधिक पढ़े-लिखे लोग हो रहे हैं। अब एक नई रिपोर्ट जयपुर से आई है कि एक डॉक्टर के पास एक लड़की का फोन आया और उनके खाते से 2.62 लाख रुपये कट गए।
आइए जानते हैं पूरा मामला
यह घटना जोधपुर की है जहां पेशे से डॉक्टर तेजस पटेल के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन तेजस के पास श्रेया नाम की एक लड़की का फोन आया और उसने तेजस से 399 रुपये के बैग को खरीदने के लिए एक वेबसाइट के बारे में जानकारी दी।
लड़की ने खुद का परिचय दिल्ली के क्लासिक इंटरप्राइज के कर्मचारी के रूप में दिया। लड़की ने तेजस से कहा था कि यदि वे 399 रुपये में बैग खरीदते हैं तो उन्हें 100 प्रतिशत गिफ्ट मिलेगा। गिफ्ट में एलईडी टीवी, लैपटॉप और आईफोन जैसे आइटम शामिल हैं।श्रेया ने तेजस को भरोसा दिलाया कि ‘डील ऑफ द डे’ स्कीम का हिस्सा है और अगर वे उसके द्वारा बताई गई वेबसाइट से खरीदारी करते हैं तो उन्हें निश्चित तौर पर गिफ्ट मिलेगा।

इसके बाद डॉक्टर साहब लड़की के झांसे में आ गए और उन्होंने लड़की द्वारा बताई गई वेबसाइट से 399 रुपये में बैग की खरीदारी कर ली। असली खेल इसके बाद शुरू हुआ। बैग खरीदने के बाद डॉक्टर के पास फोन आया और कहा गया उन्हें गिफ्ट में लैपटॉप मिला है जिसकी कीमत 72,000 रुपये है। गिफ्ट लेने के लिए 5,580 रुपये की जीएसटी देनी होगी।
डॉक्टर साहब ने अपने क्रेडिट कार्ड से जीएसटी का पेमेंट भी कर दिया। इसके बाद हर दिन तमाम तरह के नियमों का हवाला देकर डॉक्टर साहब से कुल 2.62 लाख रुपये की ठगी हो गई है। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्लासिक इंटरप्राइज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।