ग्वालियर. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हेलिकॉप्टर द्वारा शिवपुरी पहुंच गए हैं। उन्होंने तात्या टोपे स्मारक में माल्यार्पण किया, इसके बाद वह पोलोग्राउंड में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवपुरी देशभक्तों और वीरो की धरती है। तात्या टोपे का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। यहां भाजपा की जीत राजमाता सिंधिया को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने राजमाता सिंधिया का शताब्दी वर्ष पूरे देश में मनाने का संकल्प दोहराया।
अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस के शासनकाल के समय कई घुसपैठिये देश में घुस गए, लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार इन सभी घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेगी। मोदी जी की केंद्र में सरकार बनने के बाद 5 करोड़ गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर, 7.5 करोड़ गरीबों को शौचालय, 12 करोड़ युवाओं को मुद्रा बैंक के माध्यम से रोजगारी और 2 करोड़ लोगों को घर देने का काम किया गया है।
देश के 70 फीसदी भूभाग पर लहरा रहा है भगवा : उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन के आधार पर चलने वाली पार्टी है, आज पूरे देश के हर बूथ में हमारा कार्यकर्ता फैला हुआ है। देश के 70% भाग पर हमारा भगवा शान से लहरा रहा है। उन्होंने शिवराज सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि आज मध्य प्रदेश में 24 घंटे बिजली देने का काम शिवराज सरकार ने किया है।
इसके बाद गुना में करेंगे रोड शो : विधानसभा चुनाव से पहले अमित शाह के ग्वालियर चंबल संभाग के दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके पहले अमित शाह सुबह 11 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वहां से हेलीकॉप्टर शिवपुरी के लिए रवाना हो गए। शिवपुरी के बाद अमित शाह गुना और ग्वालियर में कार्यकर्ताओं की रैली, रोड शो औऱ सम्मेलन में भाग लेंगे। अमित शाह पहली बार ग्वालियर के दौरे पर आ रहे हैं।
ग्वालियर लौटने के बाद अमित शाह झांसी की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और फिर राजमाता विजयाराजे सिंधिया की समाधि पर फूल चढ़ाएंगे।पिछले 3 दिन के भीतर अमित शाह का ये दूसरा मध्य प्रदेश दौरा है। शनिवार को उन्होंने मालवा में इंदौर-उज्जैन का दौरा किया था। अमित शाह मध्य प्रदेश में संभाग के हिसाब से दौरे कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं का सम्मेलन बुला रहे हैं।
ऐसा रहेगा अमित शाह का कार्यक्रम
सुबह 11:00 बजे विशेष विमान से अमित शाह ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी आएंगे।
11:15 बजे अमित शाह ग्वालियर से हेलीकॉप्टर से शिवपुरी रवाना होंगे।
दोपहर 2:30 बजे शिवपुरी से गुना के लिए रवाना होंगे।
गुना में 3:00 बजे से रोड शो करेंगे। शाम 5:45 पर ग्वालियर लौटेंगे।
ग्वालियर में शाम 6:30 बजे वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और इसके बाद राजमाता विजयाराजे की की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
शाम 7:30 बजे संस्कृति गार्डन में युवा सम्मेलन में शामिल होंगे।
रात 8:45 पर अमित शाह ग्वालियर से दिल्ली रवाना होंगे।
ग्वालियर में ये रहेगा रूट : शाम 5.15 बजे एयरपोर्ट पर शिवपुरी से ग्वालियर जाएंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से सबसे पहले लक्ष्मीबाई समाधिस्थल जाएंगे। एयरपोर्ट से रेसकोर्स रोड होते हुए मानसिंह चौराहे से सिटी सेंटर, एजी पुल के नीचे, बसंत विहार से लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पहुंचेंगे। यहां से राजमाता की छत्री पहुंचेंगे। फिर एजी पुल से सिटी सेंटर, आकाशवाणी तिराहा होते हुए संस्कृति गार्डन पहुंचेंगे।
यहां 5 मिनट पहले रोका जाएगा ट्रैफिक
मुरार से मानसिंह चौराहे की ओर आने वाला ट्रैफिक पांच मिनट पहले रोककर वाहन आकाशवाणी तिराहे से निकाले जाएंगे।
यूनिवर्सिटी तिराहे पर अलकापुरी की ओर से आने वाला ट्रैफिक रोककर अलकापुरी तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
बसंत विहार से एजी पुल की तरफ, फूलबाग से लक्ष्मीबाई समाधि स्थल आने वाला ट्रैफिक रोका जाएगा