मैंने जो 10 साल पहले कहा था, वह आज भी वैसा ही है: नाना पाटेकर

बॉलीवुड डेस्क. तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर मामले में हर दिन नए मोड़ सामने आ रहे हैं। तनुश्री जहां हर दिन नए-नए खुलासे कर रही हैं वहीं नाना पाटेकर अब तक खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखने की बात कही थी लेकिन ऐनवक्त पर इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को कैंसल कर दिया था। वकील राजेन्द्र शिरोडकर की सलाह के बाद नाना पाटेकर ने आखिरी समय पर प्रेस मीट कैंसल कर दी।

मीडिया से मिले लेकिन नहीं की ज्यादा बात: कुछ रिपोर्टर जो नाना के घर के बाहर खड़े थे, उनको नाना ने कहा- मेरे वकील ने मुझे किसी भी चैनल से बात करने के लिए मना किया है। इसके लिए मुझे माफ कर दें।जो मैंने 10 साल पहले कहा था। वह आज भी वैसा ही है। सच हमेशा सच ही रहेगा। नाना और किसी सवाल का जवाब देने से इंकार कर दिया और वहां से निकल गए। जब मीडिया के लोगों ने उनका पीछा किया और जवाब मांगा तो उन्होंने कहा कि मैं किसी भी न्यूज चैनल से बात नहीं करने वाला।

इससे पहले बेटे मल्हार नाना पाटेकर ने मीडिया को एक मैसेज कर प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसल होने की सूचना दी थी। उन्होंने लिखा था-

मैं इस वक्त मैसेज करने के लिए माफी चाहता हूं लेकिन आप सबको बताना चाहता हूं कि प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसल कर दी गई है। प्लीज आप सभी अपने मीडिया कलीग्स को भी यह सूचना आगे भेज दीजिए। हम आपको आगे इस बारे में और जानकारी देने की कोशिश करेंगे।

नाना ने कहा था-हर सवाल का जवाब दूंगा: नाना पिछले दिनों हाउसफुल 4 की शूटिंग के सिलसिले में जैसलमेर गए थे। इस दौरान उन्होंने कहा था-

मैं इस वक्त जैसलमेर में शूटिंग कर रहा हूं और जैसे ही 7 या 8 अक्टूबर को मुंबई लौटूंगा तो एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन करूंगा। जहां आप मुझसे कुछ भी पूछ सकते हैं। मैं कैमरे से आंखें मिलाकर हर सवाल का जवाब देना चाहता हूं। मेरे पास कुछ भी छिपाने के लिए नहीं है।

यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस बात पर विश्वास करना चाहते हैं। क्या आपको लगता है कि मैं इतना घटिया आदमी हूं? मैं फिल्मों में ज्यादा नाचता नहीं तो मैं किसी से कुछ भी अश्लील स्टेप रखने के लिए क्यों कहूंगा। ऐसी सिचुएशन में या तो मैं इन सब आरोपों से इनकार करके कह सकता हूं कि वह (तनुश्री) झूठ बोल रही हैं या फिर मेरी इमेज खराब करने के लिए उन्हें कोर्ट में घसीट सकता हूं। इसके अलावा मैं कर भी क्या सकता हूं?

क्या कहा था नाना से 10 साल पहले:

करीबन 1000 लोग हैं, उनके सामने हो रहा था ये सब। मुझे एक तो गंदा लग रहा है कि इस तरह की सफाई मुझे देनी पड़ रही है। 35 साल से हूं मैं इंडस्ट्री में, कभी किसी ने मुझपर ऐसा गंदा इल्जाम नहीं लगाया। अब ये बच्ची (तनुश्री दत्ता) ऐसा क्यों कर रही है, मुझे समझ नहीं आता। एक तो मैंने टच कब किया, मुझे नहीं याद। क्योंकि पूरे गाने में उन्हें मुझे छूना है, मुझे उनको नहीं छूना …मैं उनसे दूर भागता हूं। ये बच्ची को समझना चाहिए कि क्या बोल रही है। मेरी समझ में ही नहीं आया कि ये क्या हुआ है। हमने रिहर्सल की।

मेरा आखिरी शॉट था, मेरी शूटिंग तो खत्म होने वाली थी। मैंने कहा बेटा तुम वैन में बैठो, मैं रिहर्सल करूंगा। मैं नाच नहीं सकता तो थोड़ी रिहर्सल ज्यादा लगेगी। तनुश्री भी अच्छा को-ऑपरेट कर रही थी। पहले तीन दिन हमें कोई दिक्कत नहीं हुई। तनुश्री ने अच्छा काम किया था। अगर तीन दिन पहले उन्हें दिक्कत होती मुझसे तो कह सकती थीं। ये जो आरोप है, वो गलत है। मैं सिर्फ इतना कहूंगा। मुझे इस बारे में ज्यादा बोलने में घिन आ रही है।

क्या है मामला: तनुश्री ने सितंबर अंत में नाना के खिलाफ सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया था और कहा था कि 2008 में हॉर्न ओके प्लीज के सेट पर नाना ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की थी। एक आइटम गाने में बोल्ड सीन देने के लिए जबरदस्ती की थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading