बिहार के सिवान में इस बार दो बाहुबली नेताओं की पत्नियों के बीच मुकाबला

यादव-मुस्लिम-राजपूत जातियों के प्रभाव वाले बिहार के सिवान में इस बार दो महिलाओं के बीच मुकाबला है। यहां से राष्ट्रीय जनता दल ने बाहुबली नेता और राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को मैदान में तीसरी बार उतारा है। जबकि जदयू ने बाहुबली नेता अजय सिंह की पत्नी कविता सिंह पर भरोसा जताया है। कविता जदयू के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ रही हैं। कविता और हिना दोनों के पति दबंग छवि के हैं और दोनों का परिवार राजनीति से जुड़ा रहा है। इस संसदीय क्षेत्र से हिना शहाब तीसरी बार चुनवा लड़ रही हैं।

शहाबुद्दीन ने अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत निर्दलीय विधायक के तौर पर की थी। 1992 से 2004 तक वो चार बार इस लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए हैं। अभी वह सिवान के चर्चित तिहरे हत्याकांड के मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं। इस बार राजद के टिकट पर उनकी पत्नी हिना शहाब मैदान में हैं।

वर्तमान समय में अजय सिंह हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं। उन्होंने साल 2015 में राजद-जदयू के साझा उम्मीदवार के रूप में विधान परिषद का चुनाव लड़ा था, लेकिन वो भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे। अब उनकी पत्नी मैदान में हैं।

2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर ओम प्रकाश यादव चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। वहीं राजद की उम्मीदवार हिना शहाब को ओम प्रकाश के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। जदयू ने उस वक्त मनोज कुमार सिंह को जबकि सीपीआई(एमएल) ने अमर नाथ यादव को टिकट दिया था।

लोकसभा क्षेत्र का नाम- सिवान
राज्य- बिहार
चुनाव की तारीख- 12 मई
वर्तमान सांसद- ओम प्रकाश यादव( भाजपा)
2014 में मतदाताओं की संख्या- 8,84,021
महिला मतदाताओं की संख्या- 440,154
2014 में मतदान फीसदी- 56.53%

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading