अमृतसर। पांच महिलाओं ने मिलकर एक गर्भवती महिला की इस कदर पिटाई कर दी कि उसका गर्भपात हो गया। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि उसने अपनी सहेली को उसके पति के अवैध संबंधों के बारे में जानकारी दी थी। इस पर उसके पति की प्रेमिका ने चार अन्य के साथ मिलकर उस पर हमला किया।
अमृतसर के फैजपुरा की रहने वाली कंवलजीत अपनी एक सहेली का घर टूटने से बचाने की कोशिश कर रही थी। कंवलजीत ने उसको बस इतना ही बताया था कि उसके पति के एक महिला के साथ ताल्लुक हैं। इस पर उसकी सहेली के पति की प्रेमिका 4 महिलाओं के साथ कंवलजीत के घर पहुंच गई। इन सभी ने कंवलजीत को बुरी तरह से लात मार-मारकर जख्मी कर दिया। इस घटना के बाद चार महीने की गर्भवती कंवलजीत के पेट में दर्द हुआ। उसे हॉस्पिटल में ले जाया गया गया तो वहां डॉक्टर ने गर्भस्थ शिशु की मौत होने की पुष्टि की।
कंवलजीत का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश की। तीन दिन बाद जब वीडियो वायरल हुआ, तब केस दर्ज किया। एडीसीपी लखबीर सिंह का कहना है कि मामले में जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।