पाकिस्तान गोली चलाएगा, तो मोदी गोला बरसाएगा : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के हिंडौन में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित कराने को लेकर उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि मैडम जी! नामदार से पूछ कर संयुक्त राष्ट्र का फैसला करना था क्या? प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान गोली चलाएगा, तो मोदी गोला बरसाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है।

दो दिन पहले ही भारत के बहुत बड़े दुश्मन मसूद अजहर को दुनिया की सबसे बड़ी संस्था ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया है। पाकिस्तान में बैठा आतंकियों का ये आका कई बरसों से भारत को घाव पर घाव दे रहा था। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और आतंकवादियों के मंसूबों पर ये तीसरी बड़ी स्ट्राइक हुई है। अब आप बताइए पाकिस्तान की हेकड़ी निकली है या नहीं!

उन्होंने कहा कि आज जब हम सब यहां एकत्रित हुए हैं, उस समय देश के पूर्वी और दक्षिणी तट पर रहने वाले लाखों परिवार भीषण चक्रवात का सामना कर रहे हैं। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुदुच्चेरी की सरकारों के साथ केंद्र सरकार लगातार संपर्क में है।

पीएम ने कहा कि कल ही हम इस चक्रवात से जूझ रहे राज्यों के लिए 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी कर चुके हैं। एनडीआरएफ, कोस्टगार्ड, भारतीय नौसेना और थल सेना पूरी मुस्तैदी के साथ प्रशासन के साथ जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.