ममता बनर्जी के थप्पड़ वाले बयान पर सुषमा स्वराज का पलटवार, कहा- ‘ममता जी, आज आपने सारी हदें पार कर दीं

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कोलकाता में एक चुनावी रैली के दौरान कहे गए थप्पड़ वाले बयान पर सियासी संग्राम शुरू हो गया है। एक तरफ जहां भाजपा ने ममता बनर्जी के इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई थी वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट के माध्यम से पलटवार किया है। सुषमा स्वराज ने लिखा, ‘ममता जी – आज आपने सारी हदें पार कर दीं। आप प्रदेश की मुख्यमंत्री हैं और मोदी जी देश के प्रधान मंत्री हैं। कल आपको उन्हीं से बात करनी है। इसलिए बशीर बद्र का एक शेर याद दिला रही हूँ:

दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे,
जब कभी हम दोस्त हो जाएँ तो शर्मिंदा न हों.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोप से नाराज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा था कि नरेंद्र मोदी को लोकतंत्र का एक जोरदार तमाचा लगना चाहिए। ममता बनर्जी ने रैलियों में नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हए कहा कि जब उन्होंने बंगाल में आकर मेरी पार्टी पर टोलाबाज होने का आरोप लगाया था, तो मैं उन्हें लोकतंत्र का एक करारा तमाचा मार देना चाहती थी। साथ ही कहा कि मेरे लिए पैसा कोई मायने नहीं रखता है।

वो पहले हाफ पैंट पहनकर घूमते थे, अब लाखों-करोड़ों रुपये हैं। एक हाथ में गदा, एक में तलवार। गदा से लोगों का सिर फोड़ेगे और तलवार से गला काटेंगे। मेरे पास पैसा नहीं है, मुझे फर्क नहीं पड़ता। जब मोदी बंगाल आते हैं तो मुझे टोलाबाज कहते हैं। मन करता है कि उन्हें लोकतंत्र का जोरदार थप्पड़ मारूं।

उन्होंने पुरुलिया के रघुनाथपुर में आयोजित जनसभा में कहा, ‘मैं राजनीति में अपना सिर नहीं झुकाऊंगी। जब मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सिंडिकेट की पार्टी है..इसकी सरकार को सिंडिकेट चला रहे हैं। मुझे लगा उन्हें लोकतंत्र का एक करारा तमाचा (चुनाव में पराजय) लगना चाहिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.