राजधानी पटना में रोड शो के बाद नाला रोड तिराहे पर चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे। राहुल गांधी ने कहा कि मैं आपके साथ हूं और हमेशा रहूंगा। बिहार की जनता जानती है कि चौकीदार क्या है? यहां की जनता, यहां के लोगों, किसानों से भाजपा ने चोरी की है।

राहुल ने कहा कि मैं आपसे झूठ नहीं बोलूंगा। सच्च बोलूंगा। उन्होंने 15 लाख देने की बात कही थी। हमने पता लगाया। न्याय योजना में हिंदुस्तान के सभी गरीबों को पांच साल तक कांग्रेस सरकार प्रतिवर्ष 27 हजार रुपये देगी। ये जो निर्णय लिया गया है, महागठबंधन ने मिलकर लिया है। राहुल ने सड़क किनारे एक फर्नीचर दुकान की तरफ अंगुली से इशारा करते हुए कहा कि ये जो संदीप फर्नीचर है, ऐसी सभी दुकानें हैं। इनसे पूछिए। नरेंद्र मोदी जी ने सिर्फ किसानों पर हमला नहीं किया है। मोदी जी ने नोटबंदी करके, गब्बर सिंह टैक्स लागू करके हर वर्ग को नुकसान पहुंचाया है।

ये दुकानदार कौन हैं? ये हिंदुस्तान की शक्ति हैं। चाहे वो व्यवसायी हो, विद्यार्थी हों, किसान हों, मोदी जी ने किसी को नहीं छोड़ा। पिछले पांच साल अनिल अंबानी, अडानी, नीरव मोदी, ललित मोदी जैसे लोगों को फायदा पहुंचाया है। हम आपको वचन देते हैं- 2019 में कांग्रेस की सरकार आ रही है। राहुल ने फिर कहा, हम आज सबसे पहले इस फर्नीचर स्टोर को वचन देते हैं कि गब्बर सिंह टैक्स हटाकर एक टैक्स, कम से कम टैक्स लागू करके दिखाएंगे। हम आज से अपने मन की बात नहीं करेंगे। बहुत हो गया दूसरे की मन की बात सुनना। अब आपकी बारी है। हम आपके घर जाकर, आपके पास जाकर, आपके साथ बैठकर, आपसे पूछकर, आपसे निर्णय लेकर काम करेंगे।

रोड शो समाप्त होने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने घर की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मैं आपके बीच का ही हूं। मेरे बारे में मोदी जी ने तरह-तरह की बातें कहीं। लालू जी का हाल पूछने गया तो कई तरह की गलत अफवाहें उड़ाई गईं। वो मेरे फैमिली फ्रेंड हैं। इस बीच कुछ समर्थक पक्ष में नारेबाजी करने लगे तो बिहारी बाबू ने अपने पुराने अंदाज में खामोश कह दिया, जिसके बाद और जोर से तालियां बजने लगीं। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि कुछ लोगों ने मुझे औकात बताने की बात कही थी। आज इतनी बड़ी संख्या में आप सब ने समर्थन देकर उन्हें औकात दिखा दी।
