भाजपा की एक महिला नेता की अश्लील तस्वीर फेसबुक पर शेयर, दिल्ली के मुख्यमंत्री के ‘PA’ पर आरोप

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में रहने वाली महिला भाजपा नेता की अश्लील तस्वीर एक व्यक्ति ने फेसबुक पर डाल दी। महिला का आरोप है कि आरोपित ने तेजाब फेंक कर जलाने की भी धमकी दी है। महिला ने आरोपित पर कार और लैपटॉप हड़पने का भी आरोप लगाया है। लैपटॉप से तस्वीरें निकालकर आरोपित ने फेसबुक पर डाली हैं। मामले में इंदिरापुरम पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।

पीड़ित भाजपा नेता की पृथ्वीराज सिंह नाम के एक व्यक्ति से कुछ वर्षों से दोस्ती थी। वर्तमान में दोनों एक-दूसरे से बात नहीं करते हैं। आरोप है कि पृथ्वीराज सिंह ने महिला के कार और लैपटॉप भी हड़प लिए हैं। लैपटॉप से अश्लील फोटो निकालकर फेसबुक पर डाल दी। वॉट्सएप पर भी वायरल कर दिया।

आरोप है कि विरोध करने पर 10 मई को आरोपित उनके घर के पास आया और तेजाब फेंककर जलाने की धमकी देकर गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपित पृथ्वीराज सिंह खुद को दिल्ली के मुख्यमंत्री का पीए बताकर रौब दिखाता है। आरोपित ने उनसे 20 लाख रुपये लिए हैं, जिन्हें वापस नहीं कर रहा है। उन्होंने पीएमओ, सीएम योगी आदित्यनाथ और पुलिस अधिकारियों से भी मामले की शिकायत की है।

संदीप कुमार सिंह (एसएचओ इंदिरापुरम) का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। इसके बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.