महिलाओं की मीटू मुहिम के बाद अब पुरुषों के लिए मेनटू अभियान ने पकड़ा जोर, पुरूष आयोग की मांग हुई तेज

महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण के खिलाफ दुनियाभर में चली मीटू मुहिम के बाद अब पुरुषों के लिए मेनटू अभियान जोर पकड़ने लगा है। निर्भया केस में आरोपियों को जल्द सजा होने के बाद देशभर में छेड़छाड़ और दुष्कर्म को लेकर पुरूषों को झूठा फंसाए जाने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। दुष्कर्म के झूठे आरोप लगाकर रुपये ऐंठने के कई मामले भी सामने आए हैं। महिला कमीशन की तर्ज पर पुरूष कमीशन की मांग भी अब जोर पकड़ने लगी है।

जानी-मानी समाज सेविका बरखा त्रेहन ने पुरूष आयोग की मांग की है। बरखा ने अपने ट्विटर हैंडल पर बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता को मीटू और मेनटू को लेकर खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने तनुश्री को खुला खत लिखा है। बता दें कि शनिवार को इंडिया गेट और राजपथ के बीच मेनटू आंदोलन के समर्थकों द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया गया। बरखा ने अपने एनजीओ के सदस्यों के साथ देश में झूठे बलात्कार के आरोपों के पीड़ितों के लिए न्याय की मांग करने के लिए ये प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में “मैं एक आदमी हूं और मुझे सम्मान के साथ जीने का अधिकार है” और “अपराध का कोई रूप नहीं है” की तख्तियां देखने को मिलीं। प्रदर्शन में शामिल पीड़ित और उनके परिवार वालों ने पुरुष आयोग के गठन की मांग की। इंडिया गेट पर दो प्रदर्शन करने के बाद बरखा ने देशभर में इस मुहिम को ले जाने का निर्णय लिया है।

बरखा ने कहा कि अब हम इस मुहिम को मुंबई में ले जाने वाले हैं। हम लोगों को अभिनेता करण ओबेरॉय के सपोर्ट में आने की अपील करेंगे जिनकी जमानत हाल ही में रद्द कर दी गई थी। समर्थकों ने टीवी अभिनेता करण ओबेरॉय का मास्क भी पहना हुआ था। बरखा ने कहा कि जो आज करण के साथ हुआ है, कल यह आपके या आपके पिता, भाई, बेटे और प्रियजनों के साथ हो सकता है। इसलिए बाहर आएं और मेनटू आंदोलन का समर्थन करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.