पटना प्रदेश के बच्चों के लिए राहतभरी खबर है कि जुलाई से राज्य सरकार बच्चों को रोटा वायरस का टीका लगाने जा रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने काफी जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी है। रोटा वायरस टीके की पहली डोज डेढ़ माह के बच्चों को दी जाएगी। दूसरी डोज ढाई माह एवं तीसरी डोज साढ़े तीन माह के बच्चों को लगाई जाएगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एसपी विनायक के अनुसार रोटा वायरस का टीकाकरण होने से बच्चों में डायरिया से होने वाली मौतों में काफी कमी आएगी। डायरिया के अधिकांश केसों में रोटा वायरस प्रमुखता से पाया जाता है। रोटा वायरस का टीका लगाने से बच्चों की मौत में 30 फीसद की कमी हो सकती है।
पांच बूंद से रोटा वायरस पर लगेगी लगाम : विशेषज्ञों का कहना है कि रोटा वायरस पर लगाम लगाने के लिए पांच बूंद टीका बच्चों का दिया जाएगा। पोलियो के लिए दो बूंद देने का प्रावधान था। पोलियो की तरह ही रोटा वायरस का टीका भी ओरल है। इससे बच्चों के शरीर पर किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।
जानकारों का कहना है कि सामान्यत: रोटा वायरस की बीमारी किसी को भी हो सकती है, लेकिन बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने की स्थिति में, वे आसानी से बीमारी के शिकार हो जाते हैं।अब टीकाकरण होने से उन्हें काफी राहत मिल सकती है। देश के कई राज्यों में पहले से रोटा वायरस के टीके दिए जा रहे हैं, उसके बाद बिहार में प्रारंभ होने जा रहा है।
डायरिया बच्चों की मौत का प्रमुख कारण : पीएमसीएच के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार शर्मा का कहना है कि डायरिया बच्चों की मौत का प्रमुख कारण है। पूरे देश में निमोनिया के बाद डायरिया को दूसरा किलर माना जाता है। सामान्यत: डायरिया वायरल बीमारी है। लेकिन कुछ मामले में बैक्टीरिया से भी होती है। बैक्टीरिया से होने वाला डायरिया दूषित पानी एवं बासी भोजन से होता है। डायरिया के मरीज को शरीर में पानी एवं जिंक की मात्रा बनाए रखने की जरूरत होती है। डायरिया के दौरान बच्चों के शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे उनकी मौत हो जाती है।


