चारा घोटाले के सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू यादव की तबीयत फिलहाल सामान्य, कम हुई बेचैनी

रांची,रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती चारा घोटाले के सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत फिलहाल सामान्य है। उनकी बेचैनी कम हुई है। चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू के डॉक्‍टर डीके झा ने बताया कि लालू प्रसाद की तबीयत में सुधार है। उन्होंने सोमवार सुबह उठकर नाश्ता भी समय पर किया। पिछले कुछ दिनों से लालू सुबह उठने के बाद अपने वार्ड में ही टहलते थे। इधर, चुनाव के बाद उनकी दिनचर्या में थोड़ा बदलाव हुआ है। इस कारण उन्होंने सुबह टहलना भी बंद कर दिया था।

डॉ. डीके झा ने बताया कि रविवार की सुबह पेइंग वार्ड की बत्ती गुल हो गई थी। इस वजह से लालू प्रसाद को काफी परेशानी हुई थी। पेइंग वार्ड में करीब दो घंटे बिजली नहीं रही थी। इस कारण उनके वार्ड का पंखा, एसी तक नहीं चल रहा था। लालू का दम घुटने लगा था। अब उन्होंने बाहर कॉरिडोर में टहलना भी शुरू कर दिया है। डीके झा के अनुसार, कल लालू का ब्लड शुगर लेवल थोड़ा बढ़ गया था। इससे उन्हें इंसुलिन देने में परेशानी हो रही थी। हालांकि बिजली आने के बाद लालू ने आराम किया। रविवार शाम के बाद वे सामान्‍य हो गए हैं। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है।

                     

           

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.