
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : कल बुधवार 29 मई को प्रातः 11 बजे से जिला समाहरणालय स्थित सभागार में सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से फ़र्ज़ी व विरोधाभासी ख़बरों के प्रेषण से निपटने के उपायों पर परिचर्चा हेतु डिजिटल इम्पावरमेंट फाउंडेशन के तत्वावधान में एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है.

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया की सोशल मीडिया के विभिन्न श्रोतों यथा व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्वीटर एवं अन्य प्लेटफार्म द्वारा फ़र्ज़ी एवं विरोधाभासी खबरें, वीडियो क्लिप आदि के सम्प्रेषण से समाज में भ्रामक स्थितियां पैदा होने का खतरा रहता है. जिसकी कीमत कभी-कभी निर्दोषों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ती हैं. विरोधाभासी, आधी-अधूरी और गलत खबरों से सामाज में गलत सन्देश जाता है, लोग आक्रामक रुख तक अख्तियार कर लेते हैं, जिससे उत्पन्न हिंसा, उपद्रव के दौरान विधि व्यवस्था संधारण में पुलिस प्रशासन के समक्ष समस्या खड़ी हो जाती है.

पुलिस प्रशासन को विधि व्यवस्था बहाल करने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. फर्जी और भ्रामक समाचारों व वीडियो क्लिपों के प्रचार-प्रसार पर नियंत्रण के लिए और सम्बंधित विषय वस्तु को समझने और उसकी संवेदनशीलता को लेकर इस कार्यशाला का आयोजन नई दिल्ली के डिजिटल इम्पावरमेंट फाउंडेशन के सौजन्य से किया गया है. संस्था द्वारा बिहार के विभिन्न जिलों में जागरूकरता हेतु कार्यशाला आयोजित की जा चुकी है. डिजिटल इम्पावरमेंट फाउंडेशन व्हाट्सअप समेत सोशल मीडिया द्वारा फेक न्यूज़ के प्रसार की रोकथाम और उसकी संवेदनशीलता के सम्बन्ध में जागरूकता फ़ैलाने हेतु अधिकृत किया गया है. इस दौरान कार्यशाला में सम्बंधित मामले में संवेदीकरण एवं उक्त समस्या से निजात पाने की स्थिति पर परिचर्चा की जाएगी.

आयोजित कार्यशाला में नगर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी, पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरैया, जिले के थानाध्यक्ष समेत 2009 बैच के सीधे नियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों तथा सोशल मीडिया मामलों में अभिरुचि रखने वाले पदाधिकारी को शामिल रहने के आदेश जारी किये गए हैं. एसएसपी श्री कुमार ने कहा की महज सोशल मीडिया पर निगरानी से खास फायदा नहीं होगा. सोशल मीडिया पर लगातार फेक न्यूज प्रसारित हो रही हैं. जागरुकता अभियान चलाना ज्यादा जरूरी हो गया है. अगर कोई असामाजिक मैसेज या वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो जाये तो उसे रोक पाना प्रशासनिक तौर पर संभव नहीं है. ऐसे में आंतरिक सुरक्षा एंव कानून-व्यवस्था के लिए सोशल मीडिया का दुरूपयोग एक गंभीर प्रशासनिक चुनौती के रुप में सामने आया है.

सोशल मीडिया के जरिए कुछ भ्रामक और असत्य सूचनाएं परेशानी उत्पन्न करती है, परंतु कई बार व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से प्राप्त त्वरित सूचनाएं विधि- व्यवस्था को काबू पाने में सहायक भी सिद्ध होती है. जरूरत इस बात की है कि पत्रकारिता से जुड़े लोग सोशल मीडिया के फेक समाचारों को शेयर या फॉरवर्ड नहीं करें बल्कि सही और पुष्ट सूचनाओं का साकारात्मक उपयोग करें. डिजिटल युग में प्रसारित कुछ गलत सूचनाओं का दुष्प्रभाव तो पड़ता ही है, परंतु कभी- कभी जल्द प्राप्त सूचनाओं से काफी फायदा भी प्राप्त होता है.
