
MUZAFFARPUR : समाज मे फेक न्यूज़ यानी फर्जी खबरों का घटाटोप खासकर हाल के वर्षों में इंतहाई तौर पर देखा जा रहा हैं. ऐसी खबरें सामाजिक संरचना पर प्रतिकूल असर डालते हुए सामाजिक ताने बाने को छिन्न -भिन्न कर देती है. फाइटिंग अगेंस्ट फेक न्यूज़ विषय पर आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित एक कार्यशाला में जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने उक्त बात कही.

कार्यशाला में व्हाट्सअप के प्रतिनिधि रवि गुरिया और रमा द्विवेदी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियो और मीडियाकर्मियों को फेक न्यूज़ से संबंधित विस्तार से न केवल अपने अनुभव साझा किया बल्कि फेक न्यूज़ का दुष्प्रभाव और उससे बचने के तरीकों से भी वाकिफ कराया.

जिलाधिकारी ने उपस्थित व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि फेक न्यूज़ का साइड इफ़ेक्ट हर प्रकार से घातक होता है. उन्होंने कहा कि इसके कारण सामाजिक सद्भाव प्रभावित होता हूं. कुछ शरारती तत्वो के द्वारा जब इस प्रकार की झूठी खबरे प्रचारित की जाती है तो समाज और देश दोनों को नुकसान होता है.

उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम फेक न्यूज़ से बचें. कोई भी खबर, फ़ोटो या वीडियो को जांच परख कर ही शेयर करे. वही वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज की सच्ची खबरों से अवगत कराने के बजाय अपने दायित्वो को भुलाकर अराजकता के साथ खड़े न हो.

उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी प्रत्येक खबर को देख- परखकर ही उसे दर्शको या पाठकों को परोसने की है. वहीं व्हाट्स अप प्रतिनिधि रवि गुरिया ने कहा कि फेक न्यूज़ वायरल बुखार की तरह फैलता जा रहा है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलता अफवाहों का जाल से विधि व्यवस्था भी प्रभावित हो जाती है.

उन्होंने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियो को इससे बचने की सलाह दी. साथ ही खबरों, फोटोग्राफ वीडियो को पुष्ट करने के लिए तकनीकी तौर पर कई जानकारियां भी उपलब्ध कराई. कार्यशाला में उपस्थित मीडियाकर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए. बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अभियान विमलेश चन्द्र झा, जिले के सभी थानाध्यक्ष डीपीआरओ कमल सिंह के साथ सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे.
