ईडी ने आईसीआईसीआई बैंक-वीडियोकॉन कर्ज घोटाले में बढ़ाया अपनी जांच का दायरा, फिर होगी चंदा कोचर से पूछताछ

ईडी ने आईसीआईसीआई बैंक-वीडियोकॉन कर्ज घोटाले में अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अब मनी लान्ड्रिंग से जुड़े इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर के अलावा भी कई अन्य अधिकारी भी आ गए हैं ईडी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि एजेंसी कोचर को इस मामले में पूछताछ के लिए दोबारा बुलाएगी। उनके अलावा संदेह के घेरे में आए कई अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी। ईडी के अधिकृत सूत्रों के मुताबिक, चंदा को इस मामले में दोबारा पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को ही उपस्थित होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचीं।

सूत्रों ने कहा कि फिलहाल चंदा ने खराब स्वास्थ्य और कुछ निजी प्रतिबद्धताओं का हवाला देकर एजेंसी से उपस्थित होने के लिए थोड़ा समय मांगा है। लेकिन वह जल्द ही एजेंसी के सामने उपस्थित होंगी। सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने वीडियोकॉन को कर्ज देने के लिए हुई सौदेबाजी को स्पष्ट करने के लिए बैंक के कई अन्य अधिकारियों को तलब किया है। इन सभी से चंदा के बयान के आधार पर सवाल पूछे जाएंगे।

बता दें कि ईडी ने 1875 करोड़ रुपये के इस घोटाले में बैंक के सीईओ पद से हटाई जा चुकी चंदा और उनके पति दीपक कोचर से पिछले महीने भी सवाल किए थे और उनके बयान दर्ज किए थे। इसके लिए चंदा और दीपक को कई बार एजेंसी के कार्यालय में उपस्थित होना पड़ा था। इन दोनों के अलावा दीपक के भाई राजीव कोचर से भी कई बार पूछताछ की गई थी।

सूत्रों ने यह भी बताया कि ईडी कोचर परिवार और अन्य लोगों की संपत्ति के ब्योरे का भी परीक्षण कर रही है। इस संपत्ति को प्रिवेंशन ऑफ मनी लान्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत अस्थायी तौर पर अटैच किया जा सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading