कटरा. बिशुनपुर निवासी बालू-सीमेंट कारोबारी छोटन ठाकुर के पुत्र प्रभाकर कुमार ठाकुर उर्फ नौरंगी की हत्या बुधवार रात में गोली मार कर दी गई।
गोली मारने से पहले उसे चाकू से भी गोदा गया और मारपीट भी की गई। उसका शव नगवारा बिशनपुर पथ के बीच सैदपुर सड़क किनारे धान के खेत में मिला है। शव के पास में ही उसकी कार खेत में खड़ी मिली। उसके पिता छोटा ठाकुर ने बताया कि रात करीब नौ बजे सैदपुर सड़क पर कार दुर्घटना होने की बात मोबाइल से बताई थी।
एसएसपी मनोज कुमार ने बताया कि कटरा थाने की गश्ती दल को रात 11 बजे नौरंगी मौके पर मिला था। गश्ती दल ने जब उससे पूछा तो प्रभाकर ने जवाब दिया था कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे ढुल गई है। उसने अपने परिजन व परिचितों को कॉल कर सूचना दे दी है।
उन लोगों के आने पर कार निकाल कर चले जाएंगे। रात करीब ढाई बजे गश्ती पुलिस दुबारा वहां पर आई तो कार के पास ही नौरंगी का शव देखा गया। गर्दन व सिर के पीछे गोली मारी गई है। आंख के पास और शरीर में कई जगह चाकू के जख्म थे।
हत्या में शराब तस्करों के सिंडिकेट की हो रही जांच
लोगों की माने तो गांव में ही नौरंगी की मोबाइल दुकान है। पिछले कुछ महीनों से शराब तस्करों से भी उसके संपर्क होने की चर्चा है। पुलिस मामले में शराब तस्करों के सिंडिकेट होने के बिंदू पर भी छानबीन कर रही है।
शाम में दोस्तों के साथ खाया था मीट-मुर्गा
नौरंगी बुधवार की शाम अपने घर से मुर्गा की मीट बनाकर कार से निकला और गांव में ही कुछ लोगों के साथ खाया-पीया। इस दौरान उसने पहसौल बाजार पर हंगामा भी किया था। जिसका विरोध कुछ लोगों ने किया था।