मुजफ्फरपुर-
पिछले छह दिनों से चिलचिलाती धूप और आसमान से बरस रही आग के कारण हीट स्ट्रोक का प्रकोप बढ़ गया है. बता दे की पिछले छह दिनों में एसकेएमसीएच, सदर अस्पताल, केजरीवाल अस्पताल में 80 डायरिया, 40 से अधिक पेट दर्द के साथ बुखार पीड़ित मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया है. निजी अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की भीड़ बढ़ी है.

ओपीडी में देह में अकड़न, माथे में दर्द व नींद नहीं आने की समस्या वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है. डॉक्टरों का कहना कि बच्चों के साथ 55 साल से अधिक उम्र वालों में अधिक समस्या है. शनिवार को सदर अस्पताल में पांच अधिक उम्र वाले मरीजों को ओपीडी से रेफर कर डायरिया वार्ड में भर्ती किया गया.

इसी तरह केजरीवाल अस्पताल में एक से लेकर तीन साल तक के तकरीबन 20 बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.
सदर अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि लू-स्ट्रोक से कई तरह की समस्या हो रही है. इसका मुख्य कारण शरीर में पानी की कमी है.

एसकेएससीएच के बच्चा वार्ड में भी बुखार व कै की समस्या से पीड़ित एक दर्जन बच्चों को भर्ती किया गया है. सदर अस्पताल में चार सौ मरीजों के बीच ओआरएस पैकेट का वितरण किया गया है. सीएस डॉ. एसपी सिंह ने एक बार फिर पीएचसी प्रभारियों को कहा है कि ओआरएस व पेट जनित अन्य बीमारियों की दवाएं उपलब्ध रखीं जाएं.

लू से बचने के लिए क्या करें
पानी की पूर्ति रखें
लू लगने की अहम वजह शरीर में पानी की कमी होना है, इसलिए किसी ना किसी रूप में पानी की पूर्ति कर लें. ऐसे में आप आम का पन्ना लें, जो लू से बचाने में काफी कारगर साबित होता है। इसके अलावा नींबू पानी, सादा पानी, फल का रस, दही, मठ्ठा, जीरा छाछ, जलजीरा, लस्सी आदि के माध्यम से पानी लेते रहें. ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं.
शरीर को ढककर रखें
जब भी धूप में बाहर निकलें तो शरीर को ढककर रखें और धूप से बचें. इसके लिए ध्यान रखें कि जब भी आप धूप में जा रहे हैं तो सिर और आंखों को ढककर रखें. आंखों के लिए चश्मे और सिर के लिए कपड़े या टोपी का इस्तेमाल करें. साथ ही अचानक ठंडी जगह से एकदम गर्म जगह पर जाने से बचें. जैसे अगर आप लंबे समय से एसी में बैठे हैं तो एकदम से धूप में ना जाएं.

प्याज का करें इस्तेमाल
कच्ची प्याज भी लू से बचाने में मददगार होता है. आप खाने के साथ प्याज का सलाद बनाकर खा सकते हैं. अगर आप प्याज को पकाए बिना कच्चे रुप में ज्यादा इस्तेमाल करेंगे तो यह ज्यादा फायदेमंद होगा.
खाली पेट घर से ना निकलें
वैसे तो किसी भी मौसम में घर से खाली पेट नहीं निकलना चाहिए, मगर गर्मी में तो ऐसा बिल्कुल ना करें. जब भी कर से निकले तो गर्मी के अनुसार हेल्दी खाना खाएं और फिर बाहर निकलें. साथ में पानी की बोतल ले जाना भी नहीं भूलें.

क्या खाएं
गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी न हो इसलिए तरबूज, ककड़ी, खीरा खाना चाहिए. साथ ही ऐसे फ्रूट पर ज्यादा ध्यान दें, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है. कहा जाता है कि टमाटर की चटनी, नारियल और पेठा खाने से भी लू नहीं लगती है. वहीं जौ खाना भी स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है और आप इसका अलग अलग तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए.