आयुष केसी, मोहम्मद फैज, अनुष्का पात्रा, प्रीतम आचार्य और आस्था दास को पीछे छोड़ते हुए नागपुर की सुगंधा ने सिंगिंग रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स का खिताब अपने नाम कर लिया. सुगंधा को जीत के रूप में 5 लाख और एक ट्रॉफी दी गई। सुगंधा के परफॉरमेंस को पूरे भारत ने खूब सराहा. सीजन के दौरान सुगंधा लगातार बेहतरीन परफॉर्मर बनी रही.

जीत के बाद सुगंधा ने कहा कि मैं बहुत खुशनसीब हूं कि मुझे संगीत सिखाने वाले ऐसे गुरु और मेंटॉर मिले. सभी जजों ने हमेशा मुझे प्रेरित किया और मेरी इस संगीत यात्रा को आगे बढ़ाने में मदद की. मैं बहुत खुश हूं कि मुझे इस तरह का मौका मिला जहां लोगों ने मेरा टैलेंट देखा.

सुगंधा ने आगे कहा कि ‘ज्यूरी मेंबर के अलावा बाकि प्रतिभागियों के साथ मेरी बहुत अच्छी बॉन्डिंग है. अब मैं आगे देख रही हूं कि संगीत की इस यात्रा को कैसे बढ़ाया जाए. मुझे हमेशा सारेगामापा लिटिल चैंप्स की पूरी टीम पर गर्व रहेगा. यह अनुभव अद्भुत था.’

5 साल पहले जब सुगंधा ने इंडियन आइडल जूनियर में हिस्सा लिया था तो उस वक्त वो टॉप 5 तक पहुंच पाई थीं. उसके बाद उनके पेरेंट्स बेटी के करियर के लिए मुंबई शिफ्ट हो गए. अब सुगंधा एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और प्रियंका चोपड़ा के लिए गाना चाहती हैं.