2011 विश्व कप में हीरो रहे और 2000 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने के 19 साल बाद भारतीय क्रिकेट इतिहास के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक युवराज सिंह ने संन्यास ले लिया।
क्रिकेट जगत की कई लगभग सभी हस्तियों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही उनके क्रिकेट करियर को भी जमकर सराहा।

इस बीच टीम इंडिया के लिए विश्व कप जीतने इंग्लैंड गए रोहित शर्मा ने भी युवी के लिए एक भावुक ट्वीट किया।
‘हिटमैन’ ने साथ ही इशारों-इशारों में बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया।
रोहित ने लिखा, ‘जब आपके पास वो चीज नहीं रहती, तभी आपको उसकी कमी का अहसास होता है। बहुत सारा प्यार मेरे भाई। आप एक बेहतर विदाई के हकदार थे।’

युवराज ने भी उनके ट्वीट के जवाब में कहा, ‘तुम जानते हो मैं अंदर से कैसा महसूस कर रहा हूं। बहुत सारा प्यार मेरे भाई…वर्ल्ड कप में लेजेंड बनो।’
अपने संन्यास के बारे में बताते हुए युवराज ने खुलासा किया कि बीसीसीआई ने उनसे वादा किया था कि अगर वह यो-यो फिटनेस टेस्ट में फेल हो जाते हैं तो उन्हें विदाई मैच दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यो-यो टेस्ट पास कर लिया और विदाई मैच कभी नहीं हुआ।
वीरेंद्र सहवाग, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और गौतम गंभीर जैसे भारतीय दिग्गजों को भी अच्छी विदाई नहीं मिल सकी।
