नए जमाने में कुंग फू पांडा,आइस एज और फ्रोजेन जैसी कम्प्यूटर ग्राफिक्स से बनी फिल्में सिर्फ बच्चों को ही नही बल्कि सभी उम्र के दर्शकों को अपनी गुणवत्ता, अच्छी कहानियों और दमदार विजुअल्स के दम पर आकर्षित कर रहीं है। डिजनी पिक्चर्स की सुपरहिट फिल्म फ्रोजेन के सीक्वल फ्रोजेन 2 का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फ्रोजेन 2 के ट्रेलर के शुरू में दिखाया गया है कि एल्सा तैर रही होती है कि अचानक पानी से बनी एक घोड़े की आकृति आ जाती है।

एल्सा उस आकृति को अपनी शक्ति से नष्ट कर देती है। इसी बीच एक अजीब जीव लुढ़कते हुए आता है और एल्सा को चेतावनी देता है कि “अतीत वही नही होता जो दिखता है, तुम्हें सच्चाई जाननी होगी।” फिर दोनों बहनें सच्चाई की तलाश में राज्य से बाहर निकल जाती हैं।

ट्रेलर में झील, झरना और खूबसूरत दृश्यों को दिखाने के बाद ऐना नजर आती है जो अपनी बहन के लिए वादा कर रही होती है, “मैं उसे कुछ नही होने दूंगी।” एक भयानक विशालकाय जीव को देखकर डरी हुई एल्सा के साथ ट्रेलर खत्म होता है।
ट्रेलर में हमेशा की तरह इस बार भी डिजनी के एनिमेशन डिपार्टमेंट ने जबर्दस्त काम किया है।
