
MUZAFFARPUR : गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घंट-शंख और मृदंग की थाप पर बुधवार की शाम बालूघाट पर गंगा महाआरती का अद्भूत दृश्य दिखा. आस्था में डूबे हजारों श्रद्धालुओं ने महाआरती में शिरकत किया और ”गंगा मां की जय-जयकार’ करते रहे. इस पावन अवसर पर आस्था के अलौकिक एवं विहंगम दृश्य देखकर उपस्थित श्रद्धालु आत्मविभोर हो उठे.

इस मनोरम दृश्य को देखकर हर श्रद्धालु आस्था में डूबा नजर आया। बालूघाट स्थित आश्रमघाट पर श्रद्धालुओं ने एकबारगी यह अहसास किया कि मानो हरिद्वार और काशी सरीखा गंगा की महाआरती दृश्य को देख रहे हों. रोचक नजारा यह कि शाम होते-होते घाट पर महाआरती को देखने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ आया. बाबा गरीब नाथ मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक पाठक की अगुआई में 151 दीपों की ज्योति, नागफनी, अगरबत्ती और धूप व मोर पंख से भी ‘पतित पावनी गंगा’ की आरती उतारी गयी. महाआरती पूजन में मनोज मिश्र, राघव ठाकुर, भाजपा जिला मिडिया प्रभारी प्रभात कुमार, आकाश चौधरी, रोहित कुमार, रमेश साहनी और सैकड़ों की संख्या में भक्तजन शामिल हुये.
