
जो कोडिंग नहीं जानते हैं और 3डी वीडियो गेम बनाना चाहते हैं उनके लिए गूगल ने बड़ा तोहफा दिया है । गूगल ने Game Builder लॉन्च किया है। Game Builder की मदद से आप 3डी वीडियो गेम बना सकते हैं और लोगों के साथ खेल सकते हैं, हालांकि गूगल ने इसे पिछले साल नवंबर में ही पेश किया था लेकिन अभी तक यह अंडर डेवलपमेंट था। गूगल ने Game Builder को Area120 टीम के साथ मिलकर तैयार किया है।

गूगल का दावा है कि आप गेम बिल्डर की मदद से सिर्फ 10 मिनट में कोई भी साधारण 3डी गेम बना सकते हैं और खास बात यह है कि गेम बिल्डर को सभी तरह के लोगों के लिए तैयार किया गया है।

इसकी मदद से पहली बार वीडियो गेम बनाने वाला भी गेम बना सकेगा और एक्सपर्ट भी इसकी मदद ले सकेंगे। गूगल गेम बिल्डर में आप कैरेक्टर्स को ड्रैग एंड ड्रॉप करते खाली जगहों पर रख सकते हैं और अपने हिसाब से एक नई गेमिंग की दुनिया बना सकते हैं।

साथ ही आप इन्हें कमांड दे सकते हैं कि ये एक-दूसरे कैरेक्टर के साथ कैसा व्यवहार करेंगे। गेम बिल्डर में गेम बनाने के लिए कोडिंग की जरूरत नहीं है लेकिन यदि आप इसमें जावा स्क्रिप्ट कोड डालना चाहते हैं तो इसकी भी सुविधा इसमें आपको मिलेगी।
