कम समय में काफी दिलों की धड़कन बने विकी कौशल की अगली फिल्म अगले साल गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है। विकी कौशल की यह फिल्म बायोपिक होगी।बॉक्स ऑफिस पर विकी का मुकाबला इस दिन टाइगर श्रॉफ की एक्शन फिल्म से होगा जो मशहूर हॉलीवुड फिल्म रैम्बो की रीमेक है। फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के सुपरहिट होने के बाद से ही विकी कौशल हिंदी सिनेमा के चोटी के सितारों में शामिल हो चुके हैं। उनकी हर फिल्म के ऐलान का दर्शक अब बेसब्री से इंतजार करते हैं।

सोमवार को विकी कौशल की नई फिल्म सरदार ऊधम सिंह की रिलीज डेट का एलान कर दिया गया। मशहूर स्वतंत्रता सेनानी ऊधम सिंह की बायोपिक के तौर पर बन रही ये फिल्म अगले साल दो अक्टूबर को रिलीज होगी। फिल्म में विकी अंग्रेज अफसर डायर की इंग्लैंड जाकर हत्या करने वाले ऊधम सिंह का किरदार कर रहे हैं।
सरदार ऊधम सिंह के निर्माता हैं रोनी लाहिरी और शील कुमार और इसे निर्देशित कर रहे मशहूर निर्देशक शूजीत सरकार।
