सलूंबर (उदयपुर)। उदयपुर के पास सलूंबर में शनिवार को एक कार खड़े डंपर में जा घुसी जिससे आठ लोगों की मौत हो गई तथा दो लोग घायल हो गए। मरने वाले सभी लोग कार में सवार थे। मृतकों में पांच टीचर्स और तीन बच्चे हैं। हादसा इतना भीषणा था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पिकनिक मनाने जा रहे थे
उदयपुर-बांसवाड़ा मुख्य मार्ग पर एक कार सलूंबर झील की ओर जा रही थी। कार में सलूंबर के मॉर्डन स्कूल की पांच शिक्षिकाएं व छह बच्चों सहित 11 लोग सवार थे। टीचर्स-पेरेंट्स मीटिंग के बाद ये सभी कार से जयसमंद झील पर पिकनिक मनाने जा रहे थे। कार को एक टीचर चला रही थीं। खेराड गांव के निकट सलूंबर डाल चौराहै पर कार अनियंत्रित होकर खड़े डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार आगे से बुरी तरह पिचक गई।
हादसा होते ही लोग मदद को आए तथा सभी को कार से निकाला। सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया जहां दो बच्चों सहित चार टीचर्स को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में एक बच्चे व एक टीचर ने भी दम तोड़ दिया। हालत नाजुक होने पर दो बच्चों व एक शिक्षिका को उदयुपर रेफर कर दिया गया है।
बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। वहीं विधायक अमृत लाल मीणा, एसडीएम धर्मराज गुर्जर सहित पुलिस व अन्य अधिकारी भी वहां पहुंचे।