ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट अब डिलीवरी के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करेगी। कंपनी की योजना डिलीवरी वैन बेड़े में शामिल करीब 40 फीसदी वाहनों को 2020 तक इलैक्ट्रिक वाहनों से बदलने की होगी।
शुरू में, 2019 के अंत तक विभिन्न शहरों में करीब 160 इलैक्ट्रिक वाहनों की तैनाती का लक्ष्य रखा गया है।

इस मौके पर फ्लिपकार्ट के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट, ईकार्ट एंड मार्केटप्लेस, अमितेश झा ने कहा, ’’हमारी सप्लाई चेन में इलैक्ट्रिक वाहनों की तैनाती दरअसल, स्थिरता की दिशा में हमारे प्रमुख प्रयासों में से एक है।
हमें अपनी सप्लाई चेन को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए इलैक्ट्रिक फ्रेट मोबिलिटी में जबर्दस्त विकास के अवसर दिखायी दे रहे हैं जो कि आने वाले समय में एक मजबूत सप्लाई चेन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ये प्रयास हमें इलैक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए योगदान करने और परांपरिक बिजली स्रोतों पर से निर्भरता घटाने के साथ-साथ कारोबार की कुशलता बढ़ाने में भी सहायक होंगे।
इस प्रक्रिया में, हम देश में इलैक्ट्रिक मोबिलिटी को अपनाने के लिए इकोसिस्टम तैयार करेंगे।‘‘
