बॉलीवुड की सबसे बड़ी म्यूजिक कंपनी टी सीरीज ने अपनी फिल्म ‘कबीर सिंह’ का कारोबार दो सौ करोड़ रुपये के पार जाने की खुशी आज खुलकर मनाने का फैसला किया है। फिल्म से जुड़े सारे कलाकार और तकनीशियन गुरुवार की शाम बांद्रा के एक लाउंज बार में जुटेंगे और इस कामयाबी का जश्न मनाएंगे।

इस फिल्म ने सिर्फ दो हफ्ते में दो सौ करोड़ का आंकड़ा पार कर गयी और साल की पहली फिल्म बन गई है। फिल्म ने दूसरे हफ्ते में भी अपना कामयाब सफर जारी रखा और मंगलवार तक 198 करोड़ 95 लाख रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। दूसरे हफ्ते में फिल्म ने शुक्रवार को 12.21 करोड़ रुपये, शनिवार को 17.84 करोड़ रुपये, रविवार को 17.84 करोड़ रुपये, सोमवार को 9.07 करोड़ रुपये औऱ मंगलवार को 8.31 करोड़ रुपये कमाए।

इस तरह से फिल्म इस साल रिलीज हुई फिल्मों में सबसे तेज 200 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म बन गई है। सिर्फ वयस्कों के लिए यानी एडल्ट सर्टिफिकेट के साथ रिलीज हुई कबीर सिंह भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतनी बड़ी कमाई की है।