लश्कर के कैंप तबाह करने वाले कर्नल भाटी नहीं रहे

जोधपुर. भारतीय थल सेना के जांबाज पैरा कमांडो कर्नल संग्रामसिंह भाटी का शुक्रवार तड़के दिल्ली स्थित सेना के रिसर्च एंड रेफरल हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह पीओके में घुसकर लश्कर ए तय्यबा के आतंकी शिविर काे खत्म करने और कई स्पेशल ऑपरेशन का नेतृत्व कर चुके थे।

जोधपुर स्थित थल सेना की स्पेशल फोर्स 10 पैरा ‘डेजर्ट स्कोर्पियन’ के कमांडिंग ऑफिसर रह चुके भाटी को उनकी बहादुरी के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। पीलिया से ग्रसित होने के कारण उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उनका दिल्ली के आरआर हॉस्पिटल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने तड़के साढ़े तीन बजे अंतिम सांस ली।

पांच साल पहले 10 पैरा ने ब्लैक ऑपरेशन का नेतृत्व किया था। वह एलओसी पार करते हुए हुए पीओके में जा घुसे थे। वहां चार दिन तक रहते हुए लश्कर के आतंकी शिविर का खात्मा कर दिया था। उनके निधन के समाचार के बाद केंद्रीय युवा व खेल राज्य मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया।

उन्होंने लिखा – कर्नल संग्रामसिंह भाटी के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। वह एक बहादुर सैनिक व उनके दोस्त थे। भारतीय सेना व स्पेशल फोर्स के इतिहास में उनकी बहादुरी के क्षण अमिट रहेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.