NEW DELHI : सीबीआई ने अपने ही स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सूत्रों का कहना है कि यह मुकदमा 15 अक्टूबर को दर्ज किया गया है। एफआईआर के मुताबिक राकेश अस्थाना पर रिश्वत लेने का आरोप है। बताया जा रहा है कि राकेश अस्थाना ने व्यवसायी मोइन कुरेशी का केस खारिज करने के एवज में रिश्वत ली हैं। इस मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में आरोपी मनोज प्रसाद का बयान दर्ज कराया गया है। मनोज दुबई में रहता है।
इस मामले में हैदराबाद के कारोबारी सना सतीश का भी बयान दर्ज किया गया है। आरोप है कि मोइन के लिए सना सतीश पैसे का इंतजाम कर रहा था। रिश्वत मनोज के जरिये दी जा रही थी। मनोज को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। 21 सितंबर को सीबीआई डायरेक्टर ने राकेश अस्थाना के खिलाफ बयान भी जारी किया था।
हालांकि सीबीआई ने इस मामले में चुप्पी साध ली है और मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। एफआईआर में अस्थाना के अलावा देश की इंटेलिजेंस एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के स्पेशल डायरेक्टर समंत कुमार गोयल का नाम भी शामिल है।