MUZAFFARPUR : लिच्छवी एक्सप्रेस से मानव कंकाल बरामद

MUZAFFARPUR : आनंद विहार टर्मिनल से खुलकर मुजफ्फरपुर जंक्शन होते हुये सीतामढी़ तक जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन में एक लावारिस बैग में बंद मानव कंकाल बरामद होने से सनसनी फैल गई। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर खड़ी लिच्छवी एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में एक लावारिस बैग में बंद मानव कंकाल के मिलने से जंक्शन परिसर में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने बोगी में लावारिस बैग को देखा तो इसकी सूचना स्थानीय जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारियों को दिया। रेल पुलिस ने उक्त लावारिस बैग को अपने कब्जे में लेकर प्लेटफॉर्म पर उतारा। वरीय अधिकारी के निर्देश पर जीआरपी जवानों ने बैग खोला। बैग खोलते ही जीआरपी जवानों व उपस्थित अधिकारियों के होश उड़ गए।

बरामद लाल बैग के अंदर एक पॉलीथीन में बंद मानव कंकाल की खोपड़ी और हाथ-पैर की हड्डियाँ भी मिली हैं। बरामद कंकाल की खोपड़ी में लंबे बाल लगे थे। जिससे कंकाल किसी महिला के होने की आशंका जतायी जा रही है। खोपड़ी व हड्डियां मिट्टी से पूरी तरह सनी थी। जीआरपी के अधिकारियों ने आशंका जतायी है कि कई दिन पहले हत्या कर शव को कहीं अन्यत्र दफन कर दिया गया होगा और मौका देखकर ठिकाने लगाने की मंशा से बाद में अस्थियां निकालकर पॉलीथीन में बंदकर बैग में रख कर इसे लावारिस अवस्था में ट्रेन में सीट के नीचे छोड़ दिया गया होगा। जिससे इस की पहचान न हो सके और यह मौत एक पहेली बनकर रह जाये। हालांकि जीआरपी इसे मानव बलि से भी जोड़ कर देख रही है।
मामले में जीआरपी थानाध्यक्ष अच्छेलाल यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। उक्त बैग आनंद विहार टर्मिनल से सीतामढ़ी जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में एस-4 के बर्थ संख्या 64 व 65 के नीचे से बरामद हुई है। यह बताना मुश्किल है कि वह बैग आनंद विहार टर्मिनल पर किसी ने रखा या रास्ते के किसी अन्य स्टेशन पर इसे रखा गया है। एसकेएमसीएच के एफएमटी विभाग के विशेषज्ञों से बरामद मानव अस्थियों की जांच गहनतापूर्वक कराने के पश्चात ही इस संदर्भ में किसी नतीजे पर पहुँचा जा सकता है। इस मामले में जाँच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलवक्त मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है, और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading